आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी प्रशासनिक समझ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बना दिया है। बता दें कि शाह, 2019 से देश के गृह मंत्री हैं। वे गुरुवार को 62 वर्ष के हो गए।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उनकी प्रशासनिक समझ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बना दिया है।' प्रधानमंत्री ने कहा कि शाह की विशेष रूप से उल्लेखनीय सफलताओं में माओवाद के खतरे को खत्म करना और सरकार के 'नशा मुक्त समाज' के सपने को आगे बढ़ाना शामिल है। उन्होंने कहा, 'मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें लोगों की सेवा में एक लंबा और स्वस्थ जीवन मिले।'
असम के मुख्यमंत्री ने भी दी बधाई
इसके साथ ही असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी बधाई दी। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को "एक ऐसा देशभक्त बताया, जिसे देश के अलावा और किसी चीज की परवाह नहीं है। इसके साथ ही कहा कि वे भारत की समस्याओं को खत्म करने के मिशन पर हैं।सरमा ने कहा कि अब वे 2029 तक ड्रग्स नेटवर्क को खत्म करने के मिशन पर हैं, और असम इस मिशन को अपना पूरा समर्थन देने का वादा करता है।
सरमा ने यह भी कहा, 'केंद्रीय गृह मंत्री ने हमेशा असम पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने अपराध कम करने और 'विकसित असम' बनाने की हमारी कोशिशों का नेतृत्व किया है। इस खास दिन पर, मैं मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से प्रार्थना करता हूं कि वे उन्हें लंबी उम्र और अच्छा स्वास्थ्य दें, ताकि वे देश की सेवा करने के अपने संकल्प को पूरा कर सकें।'
पुदुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। अपने संदेश में, रंगासामी ने कहा कि उन्होंने 'ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे अमित शाह को हमेशा खुश रखें, अच्छा स्वास्थ्य दें और उन्हें एक लंबा व सार्थक जीवन प्रदान करें।' रंगासामी ने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि अमित शाह को और अधिक शक्ति, शांति और सफलता मिले, ताकि वे एक मजबूत, सुरक्षित और प्रगतिशील भारत के निर्माण की दिशा में अपना काम जारी रख सकें।
प्रोटेम स्पीकर ए. अनबलगन ने भी केंद्रीय गृह मंत्री को बधाई दी। उन्होंने राष्ट्रीय एकता की रक्षा के प्रति शाह की अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की और उनके लंबे जीवन की कामना की।