23 साल तक कांग्रेस के नेता रहे असम के शिक्षा, स्वास्थ्य और वित्त मंत्री हेमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बड़ी सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी को जिला परिषद स्तर से काम शुरू करना चाहिए। इंडियन एक्सप्रेस के ‘आइडिया एक्सचेंज’ कार्यक्रम में एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "यदि कांग्रेस मेरिट सिस्टम शुरू करती है तो वह जिंदा रह सकती है। इसके लिए सोनिया गांधी को विदाई दो और राहुल से कहो कि तुम अपना कॅरियर जिला परिषद सदस्य के रूप में शुरू करो। तभी पार्टी बच सकती है।"
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा है कि "गांधी परिवार के पास कोई चुंबकिय ताकत नही है। कांग्रेस के पास चमचे हैं और गांधी परिवार के वफादार।" राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वो अपने काम को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्हें देखकर लगता है कि वो बिना इच्छा के राजनेता है। उन्होंने राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए कहा, ”वह (राहुल गांधी) आप से बात करेंगे और फिर अचानक से जिम चले जाएंगे। एक दिन में आप पांच-छह बार जिम चले जाते हैं तो इससे कार्यकर्ताओं में आपके प्रति विश्वास नहीं आता। आप उनसे बात करते रहे हैं और वे कुत्ते से खेलेंगे।
इससे यह संदेश जाता है कि आप गंभीर नहीं हैं। मैंने तीन साल तक उन्हें करीब से नोटिस किया। सुबह वे आप से कहेंगे कि, नहीं नहीं तुम्हे भव्य लाइफस्टाइल छोड़नी चाहिए। लेकिन शाम को खुद ही एग्जीक्यूटिव क्लास में अमेरिका चले जाएंगे। वे कांग्रेस को आगे नहीं ले जा सकते।”