हिमाचल विधानसभा चुनाव में प्रचार से लेकर उम्मीदवार चयन के मामले में आगे दिखने वाली भाजपा के कदम थोड़े थम से गये हैं। विरोध के भय से पार्टी उम्मीदवारों की सूची पिछले पांच दिनों से रुकी पड़ी है।
14 अक्टूबर को पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक संपन्न होने के बावजूद भी अब तक हिमाचल चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की सूची सामने नहीं आ सकी है। पार्टी आलाकमान को पुराने और वरिष्ठ नेताओं के विरोध की आशंका सता रही है।
भय का आलम यह है कि उम्मीदवारों की सूची जारी किए बिना ही पार्टी अध्यक्ष ने कई उम्मीदवारों को चुपके से सिंबल थमाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को करीब दो दर्जन उम्मीदवारों को प्रदेश अध्य्क्ष की ओर से सिंबल थमाए गए हैं।
भाजपा को विद्रोह की आशंका इसलिए सता रही है कि पीढ़ीगत बदलाव के क्रम में कई पूर्व विधायकों के नाम उम्मीदवारों की संभावित सूची से नदारद हैं। जबकि इस दफे पार्टी के पक्ष में माहौल बनता देख इन पूर्व विधायकों ने जमकर जमीन पर अपनी तैयारी कर रखी है।
ऐसे में कुछ विधायकों ने बगावत के संकेत भी दे दिए हैं। तो दूसरी ओर प्रदेश भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार की नाराजगी ने पार्टी के चुनाव अभियान का स्वाद बिगाड़ दिया है।
बताया जा रहा है कि धूमल और शांता दोनों ही नेता टिकट बंटवारे की प्रक्रिया को लेकर नाराज हैं। उनके समर्थकों को किनारे लगाते हुए पार्टी ने संघ और एबीवीपी से जुड़े लोगों को भारी संख्या में उम्मीदवार बनाने का मन बनाया है।
हालांकि भाजपा आलाकमान अभी से ही डैमेज कंट्रोल में जुट गया है। नाराज बताये जा रहे प्रदेश भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेताओं को साधने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को सौंपी गई है।
नड्डा ने की शांता से मुलाक़ात, शांता के मानने के आसार नहीं
पार्टी आलाकमान के इशारे पर आज बुधवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पालमपुर पहुंच कर नाराज चल रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार को साधने की कोशिश की है।
मगर सूत्र बता रहे हैं कि शांता के मानने के आसार नहीं है। उन्होंने अपने प्रभाव वाले इलाकों में अपनी पसंद के उम्मीदवारों के लिए टिकट की मांग रखी है। यदि शांता की इस मांग को पार्टी आलाकमान मानता है तभी वे नाराजगी छोड़ेंगे।
अन्यथा उन्हें साधना पार्टी के लिए मुश्किल रहेगा। सूत्र बताते हैं कि जल्द ही केंद्र का कोई दूसरा नेता धूमल से भी सम्पर्क करेगा । नड्डा के भी उनसे मिलने जाने के आसार हैं।