महाराष्ट्र की तरह ही झारखंड की गठबंधन सरकार में कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष पद पर दावा ठोका है। 81 सीटों वाली विधानसभा में अधिकतम 12 मंत्री बनाए जा सकते हैं। झारखंड के भावी मुख्यमंत्री और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन में बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और 29 दिसंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह का न्योता दिया। इस दौरान उन्होंने सरकार गठन को लेकर भी चर्चा की।
झारखंड में कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि मंत्रिमंडल का स्वरूप कैसा होगा, इसका फैसला सोनिया गांधी को करना है। पार्टी के 16 विधायकों में अधिकतर पहली बार जीतकर आए हैं। सबसे युवा महिला विधायक अंबा प्रसाद चर्चित चेहरों में उभरी हैं। सूत्रों की मानें पार्टी उन्हें मंत्रिमंडल में मौका दे सकती हैं। अंबा रांची हाईकोर्ट में वकालत करती हैं। अंबा ने लोकसभा चुनाव में भी पार्टी से टिकट मांगा था।
झारखंड की राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने बुधवार को हेमंत सोरेन को सरकार बनाने का न्योता दिया। एक दिन पहले ही सोरेन ने राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था और 50 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा था।