केंद्र सरकार ने निर्यातकों को आसानी से जीएसटी रिफंड दिलवाने के लिए दिल्ली, लुधियाना सहित 10 शहरों में हेल्प डेस्क खोलने का फैसला किया है। इन शहरों में आगामी एक अगस्त तक दो सप्ताह के लिए हेल्प डेस्क खोला जाएगा, जहां सीमा शुल्क विभाग के अधिकारी निर्यातकों की सहायता करेंगे। निर्यातकों के शीर्ष संगठन फियो ने इसका स्वागत किया है।
केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने तय किया है कि अहमदाबाद, बंगलूरू, चेन्नई, कोचीन, कोयम्बटूर, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, लुधियाना और मुंबई में निर्यातकों की सहायता के लिए दो सप्ताह तक हेल्प डेस्क का संचालन किया जाएगा।
हेल्प डेस्क के लिए कार्यालय की व्यवस्था फियो करेगी, जबकि वहां कस्टम विभाग के अधिकारी बैठक कर निर्यातकों का रिफंड निकलवाएंगे।
फियो के अध्यक्ष गणेश कुमार गुप्ता ने कहा कि इससे निर्यातकों को फंसा हुआ रिफंड निकलवाने में आसानी होगी।