आयकर विभाग ने हेलीकॉप्टर खरीद घोटाले में हैदराबाद स्थित कंपनी पर छापे मार कर नए साक्ष्य जुटाने का दावा किया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने बुधवार को बताया कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपी राजीव सक्सेना से इस कंपनी का लेनदेन था।
सीबीडीटी ने एक बयान में कहा है कि आयकर अधिकारियों ने एक कारोबारी समूह के दफ्तरों पर 24 जुलाई को छापेमारी की, जो भूकंपीय डाटा विश्लेषण का काम करती है। एजेंसी ने कहा कि छोपेमारी के दौरान समूह के चार अघोषित विदेशी बैंक खातों का पता चला है।
इसके अलावा काला धन छिपाने का सुरक्षित पनाहगाह देशों (टैक्स हैवेन) में तीन अघोषित कंपनियों, 45 लाख बेहिसाबी नकदी और 3.1 करोड़ के आभूषण का भी पता चला है। जांच एजेंसी ने बयान में कंपनी और उसके संचालक के नाम का खुलासा तो नहीं किया है, लेकिन आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कंपनी अल्फाजिओ और उसके प्रमोटर एवं सीएमडी का नाम दिनेश अल्ला है।
सीबीडीटी ने बताया कि यह कारोबारी समूह दुबई स्थित ऑपरेटर के जरिये बड़े पैमाने पर आयात के फर्जीवाड़े में लिप्त है। सूत्रों ने बताया कि यह ऑपरेटर वही राजीव सक्सेना है, जिसे 3600 करोड़ के अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर खरीद घोटाले में इस साल के शुरू में गिरफ्तार कर दुबई से भारत लाया गया था।