सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
- फोटो : PTI
कांवड यात्रा को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए आईजी ने कांवड़ मार्ग और यमुना पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को आईजी सुजीत पांडेय कैराना कोतवाली पहुंचे। यहां पर उन्होंने डीएम सुजीत कुमार, एसपी विजय भूषण, एएसपी अनिल कुमार झा, झिंझाना, थाना भवन और शामली के सीओ के साथ कांवड़ यात्रा के मद्देनजर एक मीटिंग की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बाद में आईजी ने यमुना पुल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे जोन पर हेलीकॉप्टर से निगरानी की जाएगी। शामली जिले को दो ड्रोन कैमरे कांवड़ यात्रा पर नजर रखने के लिए दिए गए हैं।
इसके अलावा जिले में 100 अतिरिक्त इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर भी जिले को उपलब्ध करा दिए गए हैं। कांवड़ियों के चलने के लिए पूरे कांवड़ मार्ग पर बाईं ओर बैरियर लगाए जा रहे हैं। सभी भंडारे भी कांवड़ मार्ग पर बाईं ओर ही लगाए जाएंगे, ताकि कांवड़ियों को सड़क पार नहीं करनी पड़े। जिले में 600 कांस्टेबल, 5 कंपनी पीएसी, बरेली से पीएसी के गोताखोरों की एक प्लाटून दी गई हैं। पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर शराब और मीट की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।