भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर, रायगढ़ में रविवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर बिहार में बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर होती जा रही है, जहां 1,253 पंचायतों के 85.60 लाख लोगों बाढ़ की चपेट में है। राज्य में बारिश संबंधी घटनाओं में अब तक 127 लोगों की मौत हो चुकी है।
जलप्रलय से प्रभावित 13 जिलों में, सीतामढ़ी और मधुबनी सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं, जहां क्रमशः 37 और 30 मौतें हुई है। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित प्रखंडों की संख्या भी बढ़कर 111 हो गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर बिहार में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की।
असम में बाढ़ से अबतक 81 लोगों की मौत
असम में बाढ़ में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 81 हो गई है। एक अधिकारिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन अधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि बारपेटा जिले में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद बाढ़ की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 81 हो गई है।
इसमें आगे कहा गया है कि बाढ़ का पानी सोनितपुर में दोबारा घुस गया है। इस जिले की सीमाएं अरुणाचल प्रदेश से मिलती हैं। एएसडीएमए ने कहा कि बाढ़ प्रभावित अन्य 17 जिलों में हालात नहीं बदले हैं। कुल 56 राजस्व क्षेत्र के 1,716 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
राजस्थान के पूर्वी व पश्चिमी भाग में बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रहा। लगातार तीन दिन से चल रही बारिश से राज्य की कई मौसमी नदियों में पानी आ गया तो अनेक तालाब लबालब हो गए हैं।
शनिवार को सबसे अधिक बारिश जयपुर शहर व इसके पास चाकसू में दर्ज की गयी। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर अभी जारी रहेगा और अगले 24 घंटे में भी राज्य के अनेक भागों में भारी या बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को जयपुर में 38.8 मिलीमीटर तथा कोटा में 31.4 मिमी. बारिश दर्ज की गयी।
इधर, दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश हुई है। पोंटा साहिब में शुक्रवार शाम से सबसे अधिक 125 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला, धर्मशाला और मनाली में क्रमशः 99.88 मिमी, 94 मिमी और 42.3 मिमी बारिश हुई।
मुंबई में भारी बारिश के कारण शनिवार को 11 उड़ानों को रद्द करना पड़ा जबकि यहां आने वाले नौ विमानों को पास के हवाई अड्डों पर भेजा गया। मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के एक अधिकारी ने कहा कि विभिन्न एयरलाइंस की 11 उड़ानों को शनिवार को रद्द कर दिया गया। इनमें सात जाने वाली और चार आने वाली उड़ानें शामिल हैं।
इस बीच, मौसम विभाग ने मुंबई में रविवार को बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग का मानना है कि कुछ स्थानों पर तो अत्यंत भीषण बारिश हो सकती है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका ने कहा कि वह भारी बारिश से निपटने को तैयार है और उसने लोगों को सतर्क रहने का परामर्श दिया है।
वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने इंजीनियरिंग कोर्स के लिए केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया के दूसरे दौर हेतु रिपोर्टिंग के लिए समयसीमा भारी बारिश को देखते हुए दो दिन बढ़ा दी है।