केरल में भारी बारिश के कारण पांच सीटों पर हो रहे उप चुनाव पर असर पड़ा है। भारी बारिश के चलते ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। बारिश के चलते जन जीवन अस्त वयस्त हो गया है। वहीं, मौसम विभाग ने केरल के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के कार्यालय ने ट्वीट कर लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और मौसम के प्रति सजग रहें। पूरे राज्य में मौसम खराब होने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा तिरुवनंतपुरम से लेकर वायनाड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य में कई स्थानों पर लंबी दूरी की कई ट्रेनें रोक दी गईं हैं। राज्य के एर्नाकुलम जिले में पटरियों के डूबने के बाद ट्रेन सेवाओं को निलंबित कर दिया गया और एर्नाकुलम जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पानी भर गया है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टीकाराम मीणा ने कहाकि हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। एर्नाकुलम में कम से कम 12 मतदान केंद्रों को स्थानांतरित किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को केरल के 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिनमें राज्य के कोल्लम, अलपुज्झा, वायनाड, कन्नूर समेत कई जिलें शामिल हैं।