रविवार से लगातार हो रही बारिश की वजह से तमिलनाडु में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। चेन्नई के कई ईलाकों में पानी भरने की वजह से हालात खराब हो गए हैं। मौसम विभाग ने राज्य में हो रही लगातार बारिश की वजह से चेतावनी जारी की है और कई इलाकों को हाईअलर्ट पर रखा है। सूत्रों के मुताबिक चेन्नई में एक दीवार ढहने से एक शख्स की मौत हो गई है।
बारिश की वजह से चेन्नई, तिरुवल्लुर और कांचीपुरम के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों तक भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है। विभाग के मुताबिक इस भारी बारिश की वजह बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोन है।
नागापट्टिनम, कांचीपुरम, तंजौर, तिरुवरूर और रामनाथपुरम में भी हाईअलर्ट घोषित किया गया है। भारी बारिश की वजह से चेन्नई में वॉटरलॉगिंग की समस्या पैद हो गई। शहर में सोमवार को लगभग 8 एमएम बारिश दर्ज की गई।
यहां 35 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूरे दिन हवाएं चलती रहीं। सोमवार को भी स्कूल बंद रखे गए थे। 2015 में चेन्नई में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ ने 188 लोगों की जिंदगी छीन ली थी।
पढ़ें: आपदा से हर साल 23 लाख भारतीय होते हैं बेघर, बाढ़ है अहम कारण: रिपोर्ट