आज देहरादून समेत सात जिलों में होगी भारी बारिश
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मंगलवार को भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बिजली चमकने और गर्जन के साथ तेज दौर की बारिश की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें 29 अगस्त तक प्रदेश में मौसम की यही स्थिति रहने के आसार हैं।
यूपी में आज से सुस्त पड़ेगा मानसून
उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से मानसून की सक्रियता बनी रही। इसके असर से प्रदेश के तराई और दक्षिणी इलाकों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश देखने को मिली। माैसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से यूपी में बादलों की सक्रियता घटेगी और अगले चार से पांच दिन प्रदेशभर में मानसूनी बारिश धीमी पड़ेगी। वहीं मंगलवार के लिए प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। सोमवार को प्रदेश के पूर्वी और तराई के लगभग 30 जिलों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश हुई। प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर आदि में अच्छी बरसात दर्ज की गई। माैसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे एक और वेदर सिस्टम के असर से 31 अगस्त के आसपास यूपी में दोबारा मानसूनी बारिश लाैटेगी।
हिमाचल में चार श्रद्धालुओं की मौत के बाद मणिमहेश यात्रा रोकी
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को ऊना, चंबा, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और बिलासपुर, सोलन, हमीरपुर में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रदेश में जारी भारी बारिश के बीच रविवार और सोमवार को 47 पक्के और 98 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
पंजाब के चार श्रद्धालुओं की मौत के बाद मणिमहेश की यात्रा अनिश्चितकाल के लिए रोक दी है। 2,000 से ज्यादा श्रद्धालु अभी बीच रास्ते में फंसे हैं। हालांकि, सभी सुरक्षित स्थानों पर हैं। हिमाचल में सोमवार को कांगड़ा, बिलासपुर, कुल्लू, हमीरपुर, मंडी, सिरमौर में भारी बारिश हुई। नूरपुर में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बारिश-भूस्खलन के चलते मंडी-कुल्लू, मंडी-पठानकोट,और भरमौर-पठानकोट हाईवे समेत प्रदेश में 793 सड़कें बंद हैं।