बिहार में बारिश और बिजली गिरने से सबसे ज्यादा नुकसान बेगूसराय जिले में हुई है जहां अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग घायल हुए हैं। मधुबनी जिले में तीन लोगों की मौत हो हुई है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। दरभंगा जिले में 10 वर्षीय बच्चे के साथ चार लोगों की मौत हो गई, जबकि समस्तीपुर में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। झारखंड के कोडरमा जिले में एक निजी स्कूल पर वज्रपात होने से नौ छात्राएं घायल हो गईं। यह घटना मरकच्चो थाना क्षेत्र के लालकापानी गांव में हुई। सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं।
इसे भी पढ़ें-
चिंताजनक: मौत के खतरे को कई गुना तक बढ़ा रहा भीषण गर्मी में बढ़ता प्रदूषण, भारत के लिए गंभीर जीवन संकट
गुजरात, राजस्थान और मप्र में आज भी लू
इस बीच, मौसम विभाग की तरफ से जारी ताजा जानकारी के मुताबिक, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ, पश्चिमी व पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के ज्यादातर इलाके बृहस्पतिवार को भी प्रचंड गर्मी और लू की चपेट में रहेंगे, लेकिन पश्चिमी विक्षोक्ष के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है और इसके चलते तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
हिमाचल के लाहौल-स्पीति में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की चोटियों में बुधवार को हल्की बर्फबारी हुई। कुल्लू जिले के कई भागों में शाम को बरसे बादल। इससे दोनों जिलों के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज हुई है। राजधानी शिमला में बादल छाए रहे। मैदानी जिला ऊना में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वीरवार और शुक्रवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने के आसार हैं। 13 अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड के थराली में तीन घंटे की बारिश से मची तबाही
उत्तराखंड में बुधवार को लंबे समय बाद मौसम ने करवट बदली और पहाड़ी इलाकों में बारिश हुई। वहीं, चमोली के थराली में कई गांव में तेज आंधी तूफान के साथ मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी। तहसील के ग्वालदम, थराली, डुंग्री, कुलसारी, तलवाड़ी सहित कई गांवों में हुई तेज बारिश से लोग सहम गए।
यूपी में करवट लेने जा रहा है मौसम, कई जिलों में हवाओं के साथ होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार से मौसम यू-टर्न लेगा। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी-तराई इलाकों के 45 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक संग बूंदाबांदी के आसार हैं। बुधवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पूर्वा हवाएं चलीं और बादलों की आवाजाही संग संतकबीर नगर, बहराइच, चुर्क आदि में छिटपुट बूंदाबांदी देखने को मिली।