Gujarat: ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) के मामले बढ़ते जा रहे हैं। गुजरात के अहमदाबाद शहर में गुरुवार को एक अस्सी वर्षीय व्यक्ति इस वायरस से संक्रमित पाया गया। व्यक्ति का विदेश यात्रा का इतिहास नहीं है।
गुजरात के अहमदाबाद में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) की जांच में एक 80 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के बयान के मुताबिक, व्यक्ति का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उसका कोई विदेश यात्रा का इतिहास नहीं है। रोगी को बुधवार को अस्पताल में भर्ती किया गया था और गुरुवार को जांच में उसमें एचएमपीवी संक्रमण की पुष्टि हुई। मरीज को कुछ समय से अस्थमा की समस्या थी और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गुजरात में छह जनवरी को एमएमपीवी वायरस का पहला मामला सामने आया था। राज्यस्थान के एक दो माह के बच्चे में भी इस वायरस की पुष्टि हुई थी, जिसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। बुधवार को साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर में भी एक संदिग्ध मामला सामने आया। इस मामले में एक आठ वर्षीय बच्चे की हालत की गंभीर है और वह अभी एक निजी अस्पताल के आईसीयू में वेंटिलेटर पर है। अधिकारियों के मुताबिक, इस बच्चे का खून का नमूना सरकारी अस्पताल में पुष्टि के लिए भेजा गया है।
विज्ञापन
एचएमपीवी सबसे पहले 2001 में खोजा गया और यह पैरामिक्सोविरिडे परिवार का हिस्सा है। यह वायरस रेस्पिरेटरी सिंसाइटियल वायरस (आरएसवी) से संबंधित है। यह खांसने या छींकने से निकलने वाली सांसद की बूंदों के जरिए फैलता है। यह संक्रमित व्यक्ति को छूने या संक्रमित व्यक्तियों से सीधे संपर्क में आने से भी फैल सकता है।