केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया
- फोटो : एएनआई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीएल) को आधार प्रमाणीकरण के लिए अधिकृत किया है। पीसीएल हां, नहीं, या/और ईकेवाईसी प्रमाणीकरण का इस्तेमाल कर बायोमीट्रिक्स के माध्यम से पोर्टल पर अधिकारियों, संकाय और छात्रों की उपस्थिति प्रमाणित करने के उद्देश्य से स्वैच्छिक आधार पर आधार प्रमाणीकरण करेगा।
इस संबंध में 23 नवंबर को राजपत्र में अधिसूचना भी प्रकाशित की गई थी। अधिसूचना के अनुसार, पोर्टल पर अधिकारियों, संकाय और छात्रों को प्रमाणित करने के लिए इजाजत है। ई-केवाईसी प्रमाणीकरण सुविधा का उपयोग करके बायोमीट्रिक्स के माध्यम से इनकी उपस्थिति दर्ज की जा सकेगी। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया आधार प्रमाणीकरण के उपयोग के संबंध में यूआईडीएआई/केंद्र सरकार के समय-समय पर निर्धारित अधिनियम, नियमों, विनियमों या दिशानिर्देशों के प्रावधानों और निर्देशों का पालन करेगी। इस पहल का उद्देश्य उपस्थिति ट्रैकिंग को आधुनिक बनाने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को व्यवस्थित करने के लिए सुरक्षा बढ़ाना और सिस्टम के भीतर सटीक पहचान सुनिश्चित करना है।