भारत सरकार ने शनिवार को कहा कि कोरोना महामारी को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शनिवार कोउच्च स्तरीय मंत्रियों के समूह (जीओएम) की 20वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान मंत्री ने केंद्र और राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के विभिन्न समन्वित प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया।
वहीं, बैठक में एम्पावर्ड ग्रुप एक के अध्यक्ष ने कहा कि, भारत बायोटेक का वैक्सीन जायडस कैडिला के साथ साथ द्वितीय चरण के परीक्षण में है, जो वायरल डीएनए पर आधारित है। उन्होंने आगे कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया का ऑक्सफोर्ड वैक्सीन पहले से ही तीसरे चरण के परीक्षण में है।
बता दें कि भारत में कोविड-19 के मामले 34 लाख के आंकड़े को पार कर चुके हैं। शनिवार को एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में उछाल देखने को मिला। शनिवार को एक दिन में 76,472 नए मामले सामने आए। लेकिन अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या करीब साढ़े 26 लाख हो गई है और जांच में तेजी आई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1,021 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 62,550 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 34,63,973 हो गए हैं, जिनमें से 7,52,424 लोगों का उपचार चल रहा है और 26,48,999 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं।