केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन
- फोटो : ANI
देश में आज कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या एक करोड़ के पार हो गई है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश में संक्रमणमुक्त होने की दर 95 फीसदी है। उन्होंने कहा कि देश में स्वदेशी वैक्सीन को तैयार कर लिया गया है, हमारे पास 30 करोड़ लोगों का टीकाकरण करने की क्षमता होगी।
स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा, भारत में कोरोना वायरस के एक करोड़ से अधिक मामले सामने आए हैं। उसमें से 95 लाख 50 हजार लोग सफलतापूर्वक संक्रमणमुक्त हुए हैं। भारत में दुनिया में सबसे अधिक रिकवरी रेट है। वर्तमान में कोरोना रिकवरी रेट 95.46 फीसदी है।
हर्षवर्धन ने कहा, हमारे वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जीनोम अनुक्रमण और कोरोना वायरस के आइसोलेशन द्वारा एक वैक्सीन के विकास पर काम किया है और एक स्वदेशी वैक्सीन को विकसित किया है। 6-7 महीनों में हमारे पास लगभग 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाने की क्षमता होगी।