पश्चिम बंगाल में सैकड़ों माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने बीएलओ ड्यूटी से छूट और केंद्रीय मापदंड के अनुसार डीए की मांग को लेकर विकाश भवन तक रैली निकाली। यह रैली कोलकाता में शिक्षा विभाग मुख्यालय 'विकाश भवन' तक रैली निकाली।
पश्चिम बंगाल में जारी सियासी घमासान के बीच मंगलवार को राज्य के सैकड़ों माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने कोलकाता में शिक्षा विभाग मुख्यालय 'विकाश भवन' तक रैली निकाली। यह रैली बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) की ड्यूटी से छूट देने सहित कई मांगों को लेकर आयोजित की गई थी। रैली करुणामयी सेंट्रल बस स्टैंड से शुरू होकर विकाश भवन तक पहुंची। मामले में एडवांस्ड सोसाइटी फॉर हेडमास्टर्स एंड हेडमिस्ट्रेसेस (एएसएफएचएम) के महासचिव चंदन मैती ने बताया कि इस प्रदर्शन में राज्य के 24 जिलों से आए सैकड़ों प्रधानाध्यापक शामिल हुए।
अब समझिए क्या होता है बीएलओ का काम
गौरतलब है कि बीएलओ का कार्य चुनाव से संबंधित होता है, जिसमें मतदाता सूची अपडेट करना, घर-घर जाकर जानकारी इकट्ठा करना, और चुनाव आयोग के अन्य निर्देशों का पालन करना शामिल है। शिक्षकों का कहना है कि यह कार्य उनके मूल कर्तव्यों से अलग है और उन्हें इससे मुक्त किया जाना चाहिए।