Karnataka Politics: कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद डीके सुरेश ने इच्छा जताई है कि उनके बड़े भाई और राज्य के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार एक दिन मुख्यमंत्री बनें। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि फिलहाल मुख्यमंत्री का पद खाली नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर अंदरूनी चर्चाएं जारी हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सिद्धारमैया ही मुख्यमंत्री रहेंगे।
कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद डी.के. सुरेश ने गुरुवार को कहा कि वह चाहते हैं कि उनके बड़े भाई और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार एक दिन कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनें, लेकिन इस समय मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली नहीं है। पत्रकारों से बात करते हुए सुरेश ने कहा, 'मेरी इच्छा है कि मेरे बड़े भाई मुख्यमंत्री बनें, क्योंकि उन्होंने पार्टी के लिए निष्ठा से काम किया है। राज्य के कई हिस्सों में लोगों ने कांग्रेस को इस विश्वास के साथ वोट दिया कि शिवकुमार को मौका मिलेगा।'
'अभी सिद्धारमैया हमारे नेता हैं और मुख्यमंत्री भी'
उन्होंने आगे कहा, 'मेरी तो इच्छा है कि वो मुख्यमंत्री बनें, लेकिन फिलहाल कुर्सी खाली नहीं है, अब क्या करें?' जब उनसे पूछा गया कि क्या वे चाहते हैं कि शिवकुमार मौजूदा कार्यकाल में ही मुख्यमंत्री बनें, तो उन्होंने कहा, 'मैं इतना बड़ा नहीं हूं कि इस पर कुछ कह सकूं। यह पार्टी हाईकमान का विषय है। अभी सिद्धारमैया हमारे नेता हैं और मुख्यमंत्री भी।'
विज्ञापन
सीएम सिद्धारमैया के बयान पर क्या बोले शिवकुमार?
बता दें कि सीएम सिद्धारमैया ने हाल ही में कहा था कि वह पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। इसके जवाब में शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और वह सिद्धारमैया का समर्थन करेंगे। शिवकुमार ने यह भी कहा कि वह कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों का पालन करेंगे। इस पर सुरेश ने कहा, 'उन्होंने शुरुआत से ही कहा है कि वह पार्टी के फैसलों के साथ हैं। एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए पार्टी अनुशासन बनाए रखना उनका कर्तव्य है। इसलिए उन्होंने वही दोहराया है।'
मजबूरी नहीं, पार्टी नेतृत्व का सम्मान है- सुरेश
जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या यह शिवकुमार की मजबूरी है, तो सुरेश ने साफ कहा, 'नहीं, यह मजबूरी नहीं है। यह पार्टी नेतृत्व का सम्मान है।' उन्होंने आगे कहा, 'उन्हें अब भी उम्मीद है, और एक दिन उन्हें इसका फल जरूर मिलेगा।' इसी बीच, रामनगर के विधायक एच.ए. इकबाल हुसैन, जिन्हें शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात कहने पर पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है, उन्होंने सिर्फ इतना कहा, 'रुकिए और देखिए।'