महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मीडिया वार्ता के दौरान पुणे में कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने किसानों की समस्याओं, राज्यसभा चुनाव और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा है।
राज्यसभा सीट पर क्या बोले कांग्रेस अध्यक्ष?
मामले में आने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सपकाल ने कहा, पहले हमने गठबंधन सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ा था। पिछली बार एनसीपी को अधिक सीटें मिली थीं। शरद पवार और सोनिया गांधी ने मिलकर सदस्यों का चुनाव कराया था। हमारे चारों सदस्य अब अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस के रूप में, हम मांग करते हैं कि राज्यसभा सीट हमें दी जाए। भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना आवश्यक है। यह राज्य का विषय है। हमें नहीं पता कि कौन क्या कह रहा है। इस पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए। अभी तक महा विकास अघाड़ी के भीतर राज्यसभा सीट को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। चर्चा होने पर कोई समाधान निकलेगा। महा विकास अघाड़ी के रूप में, हम सब मिलकर बैठेंगे और सभी को स्वीकार्य निर्णय लेंगे।
व्यापार समझौते के खिलाफ आंदोलन
सपकाल ने भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस समझौते का सोयाबीन और कपास की खेती पर बहुत बुरा असर पड़ा है। इसके विरोध में कांग्रेस पूरे राज्य में पैदल मार्च निकालेगी। साथ ही, हिंगोली और यवतमाल में बड़ी रैलियां भी की जाएंगी ताकि किसानों की आवाज उठाई जा सके।
ये भी पढ़ें: Maharashtra: फिर अस्पताल में भर्ती कराए गए शरद पवार, शरीर में पानी की कमी बनी वजह; डॉक्टर बोले- हालत स्थिर
नरवणे की किताब को लेकर पीएम मोदी पर हमला
पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब को लेकर चल रहे विवाद पर भी उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना की। सपकाल ने कहा, नरवणे ने अपनी पुस्तक में कुछ खुलासे किए हैं, लेकिन उन पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया जा रहा है। महाराष्ट्र और देश में जो हो रहा है, उस पर प्रधानमंत्री कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। मोदी ने आत्मसमर्पण कर दिया है, हम इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने आगे कहा, वैश्विक स्तर पर देश आरोपों का सामना कर रहा है। राष्ट्र को धमकाया जा है। तथाकथित 'विश्वगुरु' ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा धूमिल की है।
विमान हादसे पर क्या बोले सपकाल?
इसके साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान से जुड़ी घटना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता की चिंताओं का जवाब नहीं दिया जा रहा है, जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जवाब मांगा और कहा कि इस मामले की जांच आगे बढ़नी चाहिए।
अन्य विडियो-