बीते नवंबर में भारत की बेटी हर्षिता ब्रेला की लंदन में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी और उसका शव एक कार की डिक्की से बरामद हुआ था। हर्षिता के परिवार ने उसके पति पंकज लांबा पर ही हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि पंकज हत्या करने के बाद भारत आ गया है। वे दिल्ली पुलिस से मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन न तो दिल्ली पुलिस और न ही लंदन पुलिस इस मामले में कुछ कार्रवाई कर रहे हैं।
हर्षिता ने जताई थी हत्या की आशंका
दिल्ली में पैदा हुई और पली-बढ़ी 24 वर्षीय हर्षिता इस साल अप्रैल में ही लंदन गई थी। हर्षिता की पंकज से बीते साल अगस्त में शादी हुई थी। हालांकि लंदन जाने के बाद से ही कथित तौर पर पंकज ने हर्षिता के साथ घरेलू हिंसा शुरू कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार का दावा है कि पकंज लंदन में घर खरीदना चाहता था और इसके लिए वह हर्षिता के परिवार से पैसों की मांग कर रहा था। हर्षिता की मां का कहना है कि हत्या से पहले हर्षिता ने फोन पर उन्हें बताया था कि पंकज उसके साथ मारपीट करता है और उसने बताया था कि पंकज उसकी हत्या कर सकता है।
लंदन में गिरफ्तार भी हुआ था पंकज
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार ने दावा किया है कि हर्षिता की हत्या से कुछ हफ्ते पहले ही उसका गर्भपात हुआ था। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस साल अगस्त में हर्षिता ने पंकज के खिलाफ लंदन में घरेलू हिंसा की पुलिस में शिकायत भी की थी, जिसके बाद पंकज को लंदन पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में सितंबर माह में पंकज को जमानत पर रिहा कर दिया गया था। अब हत्या के मामले में लंदन पुलिस पंकज की तलाश कर रही है, लेकिन हर्षिता के परिवार का दावा है कि वह भागकर भारत आ गया है।