पाटीदार अनामत आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पकौड़ा वाली टिप्पणी पर कटाक्ष किया है। हार्दिक पटेल ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल एक 'चायवाला' ही बेरोजगार युवाओं को पकौड़े बेचने की सलाह दे सकता है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि, 'क्या 'पकौड़े' बेचकर 200 रुपये प्रति दिन कमाने वाले किसी व्यक्ति को बेरोजगार माना जा सकता है।'
पीएम के इस बयान पर तंज कसते हुए
हार्दिक पटेल ने सोशल मीडिया ट्विटर पर लिखा, 'बेरोजगार युवाओं को पकौड़े का ठेला लगाने का सुझाव एक चायवाला ही दे सकता है। अर्थशास्त्री ऐसे सुझाव नहीं देता।'
पटेल समुदाय के नेता हार्दिक पटेल ने हालिया हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन किया था। उल्लेखनीय है कि हार्दिक पटेल प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधने से चूकते नहीं हैं।
हार्दिक पटेल का यह बयान पीएम मोदी को एक निजी टीवी चैनल को दिए उस इंटरव्यू के बाद आया है, जिसमें पीएम ने कहा था कि देश में छोटे से छोटा व्यवसाय करने वाला व्यक्ति भी रोजगार के अवसर पैदा कर रहा है। पीएम ने कहा था कि, 'अगर कोई व्यक्ति पकौड़े की दुकान लगाता है और रोज वह 200 रुपये कमाकर घर जाता है तो आप उसे रोजगार कहेंगे या नहीं?'
इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के तत्कालीन वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने भी नरेंद्र मोदी को 'चायवाला' कहकर टिप्पणी की थी।