जेल से बाहर आते ही सांसद नवनीत राणा के विधायक पति रवि राणा ने महाराष्ट्र सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा है कि अगर मुख्यमंत्री में इस तरह का अहंकार है तो याद रखिए कि अहंकार तो रावण का भी नहीं टिकता। राम ने उसके अहंकार को नष्ट कर दिया था। जो रावण के साथ हुआ वही उनके साथ होगा। उन्होंने कहा, उन पर देशद्रोह का मामला गलत था। उन्होंने कहा यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाराष्ट्र में हनुमान का नाम लेने पर देशद्रोह का आरोप लगाया जाता है।
उन्होंने शिवसेना सांसद संजय राउत पर भी हमला किया। कहा, मुझे लगता है कि वह चवन्नीछाप हैं। वह हमें 20 फीट गहरा दफनाने की धमकी देते हैं। इसके बावजूद उनके खिलाफ महाराष्ट्र में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने कहा, जहां तक कोर्ट के फैसले की बात है तो मैं अदालत के फैसले का सम्मान करता हूं। हम उसके फैसले का पालन करेंगे। उन्होंने कहा, देशद्रोह मामले में अदालत के फैसले बावजूद संजय राउत ने फैसले को गलत बताया। उन्होंने कहा, संजय राउत ने अदालत के फैसले का सम्मान नहीं किया।
शिवसैनिकों ने हम पर पत्थर फेंके
रवि राणा ने कहा, जब पुलिस हमारे घर आई, तो उन्होंने हमें हमारे साथ थाने जाने को कहा। हम वारंट मांग रहे थे, लेकिन वे हमे लेकर चले गए। इस दौरान शिवसैनिकों ने हम पर पत्थर और पानी की बोतलें फेंकी। उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा, जब हम जेल में थे तो बीएमसी ने हमें नोटिस थमा दिया। मुख्यमंत्री अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर रहे हैं।
अस्पताल से नवनीत राणा को मिली छुट्टी
बायकुला जेल से रिहा होने के बाद निर्दलीय सांसद नवनीत राणा मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती थीं। आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस राणा के हालचाल जानने पहुंचे। उनके साथ महाराष्ट्र भाजपा के विधायक आशीष शेलार भी मौजूद रहे। मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने के आरोप में नवनीत राणा व उनके पति रवि राणा को 23 अप्रैल काे गिरफ्तार किया गया था। 12 दिन बाद उन्हें जमानत पर रिहा किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी हिटलर का अनुसरण करते हैं: राउत
शिवसेना सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एडोल्फ हिटलर के ‘प्रशंसक’ हैं जिसे ‘बहुत सारे कार्यक्रम’ करने की आदत थी और प्रधानमंत्री जर्मन तानाशाह का अनुसरण करते हैं। तंज कसते हुए राउत ने कहा कि मौजूदा समय में यदि कोई हिटलर की तारीफ करता है, तो इसे देशद्रोह नहीं माना जा सकता। एक कार्यक्रम में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राउत ने कहा कि शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे भी हिटलर की सराहना करते थे, जो एक लोकप्रिय नेता थे।
राउत ने कहा, ‘हिटलर बहुत सारे कार्यक्रम करता था जो मोदी करते हैं। दरअसल, मोदी हिटलर का अनुसरण करते हैं। सोशल मीडिया देखिए। जिस तरह से हिटलर कार्यक्रम करता था, मोदी और उनकी पार्टी भी उसी तरह करती है, हालांकि मैं उनकी आलोचना नहीं कर रहा हूं। उन्होंने 1936 में बर्लिन में ग्रीष्मकालीन ओलंपिक की मेजबानी करने वाले जर्मनी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिटलर एक लोकप्रिय नेता था।