हज कमेटी इंडिया ने हज 2017 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। नए साल के आगाज के साथ ही हजयात्रा की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हज के पाक सफर के लिए दो जनवरी से आवेदन फार्म भरे जाएंगे। आवेदन चौबीस जनवरी तक लिए जाएंगे। आवेदक ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। एक मार्च और आठ मार्च के बीच कुर्रा डाला जाएगा।
हर मुसलमान की दिली ख्वाहिश होती है कि वह एक बार हज के पाक सफर पर जरूर जाए। खाना-ए-काबा की जियारत करे। नए साल के आगाज के साथ ही हजयात्रा पर जाने की कवायद शुरू हो जाएगी। नए साल के दूसरे दिन अर्थात दो जनवरी से हजयात्रा के लिए आवेदन किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 24 जनवरी तय की गई है।
एक मार्च से आठ मार्च के बीच कुर्रा डाला जाएगा। हालांकि कुर्रा डालने की तारीख तय नहीं जा सकी है। कुर्रा में नाम चुने जाने वाले आजमीनों को 22 मार्च तक हज यात्रा की एडवांस फीस जमा करनी होगी। बाकी रकम फीस तय होने के बाद अप्रैल के आखिरी हफ्ते में जमा करनी होगी।