नकवी ने कहा कि सऊदी अरब से फीडबैक मिलने और उसपर चर्चा के बाद प्रति हज यात्री अनुमानित खर्च को रवानगी केंद्रो के अनुसार कम कर दिया गया है। हज 2021 पर जाने के लिए 10 रवानगी केंद्र अहमदाबाद, बंगलूरू, कोचीन, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और श्रीनगर हैं।
हज के लिए आवेदन, ऑनलाइन और मोबाइल एप्प के जरिए एवं ऑफलाइन माध्यम से किए जा रहे हैं। नकवी ने कहा, 'रवानगी केन्द्र (इम्बार्केशन प्वाइंट) के अनुसार हज 2021 के खर्च के आकलन एवं सऊदी अरब से प्राप्त फीडबैक के आधार पर प्रति हज यात्री सम्भावित खर्च भी कम किया गया है।
वर्तमान आंकलन के मुताबिक, अहमदाबाद और मुंबई रवानगी केंद्र से जाने वाले हज यात्रियों को लगभग 3 लाख 30 हजार रुपये; बंगलूरू, लखनऊ, दिल्ली और हैदराबाद रवानगी केंद्र से जाने वाले हज यात्रियों को लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये खर्च करने होगे।'
उनका कहना है कि कोच्चि एवं श्रीनगर रवानगी केन्द्र से जाने वाले हज यात्रियों को लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये; कोलकाता रवानगी केन्द्र से जाने वाले हज यात्रियों को लगभग 3 लाख 70 हजार रूपये और गुवाहाटी रवानगी केंद्र से जाने वाले हज यात्रियों को लगभग 4 लाख रुपये प्रति हज यात्री खर्च करना होगा।
नकवी ने कहा, 'हज 2021 में, कोविड-19 महामारी की वजह से उत्पन्न हालात के मद्देनजर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल गाइडलाइन्स का मुस्तैदी से पालन किया जाएगा।' मंत्री के मुताबिक, संपूर्ण हज प्रक्रिया, सऊदी अरब की सरकार एवं भारत सरकार द्वारा कोरोना आपदा के मद्देनजर तय किये जाने वाले पात्रता मानदंड, आयु मानदंड, स्वास्थ्य परिस्थिति एवं अन्य जरुरी दिशानिर्देशों के अनुसार हो रही है।