इशरत जहां एनकाउंटर व कई अन्य मामलों में आरोपी पूर्व गुजरात डीजीपी पीपी पांडे की छुट्टी के बाद गीता जौहरी को गुजरात का नया डीजीपी नियुक्त किया गया है। दरअसल पीपी पांडे का मामला सुप्रीम कोर्ट जाने के बाद वरिष्ठ आईपीएस गीता जौहरी को उनका अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
गीता जौहरी को इससे पहले 16 अप्रैल को 2015 को गुजरात का डीजीपी बनाया गया था। आपको बता दें कि सोहराबुद्दीन फेक एन्काउंटर मामले में सीबीआई द्वारा क्लीन चिट मिलने के बाद जौहरी को गुजरात की डीजीपी बनाया गया था।
आपको बता दें कि गीता जौहरी गुजरात की पहली महिला डीजीपी रही हैं। इसके साथ गीता के पास गुजरात की पहली महिला आईपीएस होने का भी तमगा है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने इशरत जहां एन्काउंटर मामले में आरोपी गुजरात के डीजीपी पीपी पांडे का इस्तीफा स्वीकार करने की अनुमति गुजरात सरकार को दे दी थी।
इससे पहले पीपी पांडे ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर कहा था यदि सरकार चाहे तो वो अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा, यदि पांडे इस्तीफे का प्रस्ताव दे चुके हैं तो गुजरात सरकार द्वारा इसे स्वीकार किए जाने के बाद उनकी सेवा पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। फिलहाल पांडे जमानत पर बाहर हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के साथ ही डीजीपी पद से पांडे की विदाई हुई थी।
Geetha Johri appointed new DGP of Gujarat.
— ANI (@ANI_news) April 4, 2017