गुजरात में अलग रह रहे पति की दरिंदगी का एक मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, पति ने पत्नी को अगवा कर उसे निर्वस्त्र कर जमकर पिटाई की। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। सुखसार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी है।
सबके सामने निर्वस्त्र कर पिटाई की
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, ये घटना 28 मई को दाहोद के मरगला गांव में हुई थी, जिसके बाद बुधवार को इसका वीडियो वायरल हो गया। यहां एक महिला को उसके अलग रह रहे पति और कुछ लोगों के एक समूह ने सार्वजनिक तौर पर कथित तौर पर निर्वस्त्र करके उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने महिला को तीन अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया है।
अलग रहने से नाराज था पति
पुलिस ने यह भी बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आदिवासी समुदाय की महिला ने पिछले डेढ़ साल से अपने पति और अपने चार बच्चों के साथ रहना बंद कर दिया था। वह मेहसाणा जिले के चनस्मा में अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। वहां दोनों दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करते थे।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना से पहले महिला के प्रेमी की मां ने उन्हें रामपुरा गांव में एक शादी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। साथ ही उसने पीड़िता के अलग रह रहे पति को भी आमंत्रित किया। शादी समारोह में उसका पति अपने साथियों के साथ पहुंचा और पत्नी के साथ ही उसके प्रेमी को अगवा कर लिया और उन्हें मारगला गांव ले गया। जहां उसने अपनी पत्नी को साथियों सहित निर्वस्त्र कर सार्वजनिक रूप से पीटा गया। इसी दौरान किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। पुलिस ने कहा है कि मामले में जांच की जा रही है।