गुजरात के वडोदरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। यहां रहने वाली एक महिला को उसकी शादी के आठ साल बाद पता चला कि उसका पति पहले 'एक महिला' था। वह लिंग परिवर्तन करवाकर पुरुष बना था और उस महिला से शादी रचाई थी।
जब महिला को इस बारे में पता चला तो उसके होश ही उड़ गए। इसके बाद महिला ने अपने पति के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराई है।
मैट्रिमोनियल बेवसाइट पर हुई थी मुलाकात
शीतल(बदला हुआ नाम) ने बताया कि उसके पहले पति की मौत एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी। उसकी एक 14 साल की बेटी भी है। इसके बाद उसने दोबारा शादी करने की ठानी। करीब नौ साल पहले उसकी मुलाकात मैट्रिमोनियल साइट पर विराज वर्धन नाम के एक शख्स से हुई। इसके बाद दोनों 2014 में परिवार की रजामंदी से शादी के बंधन में बंध गए।
हनीमून पर संबंध न बनाने के लिए बनाने लगा बहाने
शीतल ने बताया, शादी के बाद वह अपने पति विराज के साथ हनीमून पर कश्मीर गई थी। यहां आने के बाद विराज अपनी पत्नी शीतल में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाता था। शीतल ने बताया, कई दिनों तक विराज ने उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाए। उसने जब भी इसके लिए दबाव डाला तो विराज ने बहाना करके मना कर दिया। उसने बताया, कुछ साल पहले रूस में हुई एक दुर्घटना की वजह से वह यौन संबंध नहीं बना सकता है।
जबरन बनाए अप्राकृतिक यौन संबंध
शीतल ने आरोप लगाया कि 2020 में विराज मोटापा घटाने के लिए बेरियाट्रिक सर्जरी का बहाना बनाकर कोलकाता चला गया। हालांकि, उसने दावा किया कि विरोज ने कोलकाता आकर पुरुष अंगों को प्रत्यारोपित करने के लिए सर्जरी करवाई। कोलकाता से वापस आकर विराज ने शीतल के साथ जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए और इस बारे में किसी को भी बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। शीतल को जब विराज की हकीकत के बारे में पता चला तो उसने पुलिस में जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने और धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कराया है।