सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कुबेरनगर के वार्ड नंबर 14 की एक सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जगदीश मोहनानी शनिवार को हुई वोटों की पुनर्गणना में भाजपा की गीताबेन चावड़ा से हार गए।
गुजरात में अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के एक वार्ड सीट पर हुई मतगणना में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार को फिर से विजेता घोषित किया गया। कांग्रेस उम्मीदवार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दोबारा मतों की गिनती की गई।
विज्ञापन
अहमदाबाद नगर निगम चुनाव जनवरी 2021 में हुए थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कुबेरनगर के वार्ड नंबर 14 की एक सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जगदीश मोहनानी शनिवार को हुई वोटों की पुनर्गणना में भाजपा की गीताबेन चावड़ा से हार गए। राज्य निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा, पिछले साल फरवरी में हुई मतगणना से दोनों उम्मीदवारों को मिले मतों की संख्या अपरिवर्तित रही।
गीताबेन चावड़ा ने 17,656 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि मोहनानी को 16,992 मत मिले। इससे पहले 26 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया में सभी संदेहों को दूर करने के लिए उचित प्रक्रिया के तहत फिर से वोटों की गिनती का आदेश दिया था।