गुजरात में वडोदरा के नवरचना इंटरनेशनल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मौके पर डॉग स्क्वायड ने तलाशी ली, लेकिन अब तक कुछ नहीं मिला। चूंकि, भयाली इलाके में नवरचना इंटरनेशनल स्कूल की तीन शाखाएं हैं, इसलिए तीनों जगह तलाशी ली गई। स्कूल को ईमेल के जरिए बम की धमकी दी गई। हालांकि, जांच के बाद धमकी अफवाह साबित हुई।
एसीपी जीबी बंभानिया ने बताया कि हमें कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि भयाली इलाके में स्थित नवरचना इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल को एक ईमेल मिला है। इसमें कहा गया कि स्कूल की पाइपलाइन में बम रखा गया है। सभी टीमें बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और स्थानीय पुलिस सुबह 6.30 बजे मौके पर पहुंच गई। हमने स्कूल परिसर की गहन जांच की और हमें अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। हमारी साइबर टीम जांच कर रही है कि ईमेल किसने भेजा है।
तीन स्कूलों ने छुट्टी घोषित की
धमकी के बाद शिक्षा सोसायटी के तीन स्कूलों ने शुक्रवार को छुट्टी घोषित कर दी। इन्हीं में से एक को ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी। जो बाद में अफवाह निकली। मेल के बाद तीनों स्कूलों में तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
तीनों स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया गया
सहायक पुलिस आयुक्त जीबी बंभानिया ने संवाददाताओं को बताया कि शहर के समा इलाके में दो और नवरचना स्कूल हैं, इसलिए पुलिस ने बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस), डॉग स्क्वॉड और साइबर क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के साथ इन तीनों स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू किया।
ड्रेनेज लाइन में टाइमर वाला बम रखने का दावा
उन्होंने बताया कि अज्ञात आईडी से भेजे गए ईमेल में केवल यह दावा किया गया था कि नवरचना स्कूल की ड्रेनेज लाइन में टाइमर वाला बम रखा गया है। चूंकि इलाके में तीन नवरचना स्कूल हैं, इसलिए हमारी टीमें तुरंत वहां पहुंचीं और बम का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। स्कूल प्रबंधन ने धमकी और उसके बाद तलाशी अभियान के मद्देनजर इन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी। तलाशी अभियान तीन घंटे तक चला और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
साइबर सेल आगे की जांच करेगा
बंभानिया ने बताया कि पुलिस का साइबर सेल आगे की जांच करेगा और आईपी एड्रेस के जरिए ईमेल भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश करेगा। सामा में नवरचना स्कूल के प्रशासक बीजू कुरियन ने पुष्टि की कि तीनों स्कूलों ने बम की धमकी के मद्देनजर एक दिन के लिए छुट्टी घोषित कर दी थी।