गुजरात के वडोदरा के जूनीगढ़ इलाके में शुक्रवार देर रात पथराव की एक घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने बताया कि यह हिंसा एक विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट के वायरल होने के बाद भड़की। समुदाय विशेष को निशाना बनाकर की गई पोस्ट के बाद लोगों में गुस्सा भड़क उठा। विरोध में सिटी पुलिस स्टेशन के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई।
इस दौरान भीड़ ने एक नवरात्रि पंडाल को निशाना बनाया और पथराव किया। पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल तैनात किया और स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए, वडोदरा सिटी पुलिस की अतिरिक्त आयुक्त डॉ. लीना पाटिल मौके पर पहुंचीं।
अतिरिक्त आयुक्त डॉ. लीना पाटिल ने बताया कि इलाके में शांति बहाल हो गई है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि धार्मिक नेताओं की मदद से पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारी उन लोगों पर भी कड़ी नजर रख रहे हैं। जिन्होंने यह विवादास्पद पोस्ट वायरल की थी।
वहीं स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि कथित तौर पर एआई का इस्तेमाल करके बनाई गई इस आपत्तिजनक पोस्ट में मक्का और मदीना जैसे पवित्र स्थलों के बारे में अपमानजनक बातें कही गई थीं। इसके वायरल होने के बाद समुदाय विशेष में गुस्सा भड़क गया और पुलिस स्टेशन के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। जिससे तनाव बढ़ गया।