केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अहमदाबाद में गुजरात की कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा की समीक्षा की। उन्होंने 2,340 किलोमीटर लंबी तटरेखा की सुरक्षा मजबूत करने, ड्रग तस्करी के पूरे नेटवर्क और सरगनाओं पर कार्रवाई करने तथा साइबर अपराधों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। शाह ने 25 हजार से अधिक लंबित फॉरेंसिक मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने 2,412 अवैध विदेशी नागरिकों के निर्वासन की भी सराहना की।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अहमदाबाद में एक उच्च स्तरीय बैठक में गुजरात में कानून-व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की। गृह मंत्री ने सीमा एवं तटीय सुरक्षा मजबूत करने, ड्रग नेटवर्क पर कार्रवाई और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने गुजरात की लगभग 2,340 किलोमीटर लंबी तटरेखा की निगरानी मजबूत करने तथा बीएसएफ, राज्य पुलिस, तटरक्षक बल और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया है। नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में गुजरात का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। राज्य में 60 दिनों में 92 प्रतिशत और 90 दिनों में 86 प्रतिशत आरोप-पत्र दाखिल किए गए हैं।
विज्ञापन
गृह मंत्री शाह ने मादक पदार्थों की तस्करी पर केवल छोटे तस्करों तक सीमित न रहकर पूरे ड्रग नेटवर्क और सरगनाओं पर कार्रवाई पर बल दिया। उन्होंने ऐसे लोगों की अवैध संपत्तियां जब्त करने के लिए वित्तीय जाँच को प्राथमिकता देने की बात कही। बैठक में सीमावर्ती एवं तटीय सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध, आतंकवाद, अवैध प्रवासियों तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। शाह ने 25,000 से अधिक लंबित फॉरेंसिक मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
साइबर अपराधों से निपटने के लिए एस4सी एवं 1930 हेल्पलाइन की क्षमता बढ़ाने, आतंकवाद विरोधी एजेंसियों को मजबूत करने तथा अवैध विदेशी नागरिकों की पहचान और नियमानुसार निर्वासन की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष अभियानों के तहत 2,412 अवैध विदेशी नागरिकों के निर्वासन की सराहना की। उन्होंने आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, अहमदाबाद शहरी बाढ़ प्रबंधन परियोजना तथा शत्रु संपत्तियों के सर्वेक्षण एवं निस्तारण में तेजी लाने पर जोर दिया। गृह मंत्री ने केंद्र एवं राज्य की सभी एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षित, विकसित एवं नशामुक्त गुजरात के माध्यम से सुरक्षित भारत के निर्माण के संकल्प पर बल दिया। इस बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय गृह सचिव, गृह मंत्रालय एवं अधीनस्थ कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य के गृह विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।