फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gujarat: राहुल गांधी ने ड्रग्स की बरामदगी पर भाजपा को घेरा, क्या विधानसभा चुनाव में नशा बनेगा बड़ा मुद्दा?

सार

Gujarat: राहुल गांधी के मुताबिक सितंबर 2021 में गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर पोर्ट पर 3000 किलो, मई 2022 में 56 किलो और जुलाई 2022 में 75 किलो ड्रग्स पकड़ी गई थी। शराब के इन खेपों की कुल कीमत लगभग 3,000 करोड़ रुपये बताई गई है...
विज्ञापन
Gujarat: राहुल गांधी - फोटो : Agency (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राहुल गांधी ने गुजरात में बड़ी मात्रा में पकड़ी जा रही नशे की खेप पर भाजपा पर हमला किया है। उन्होंने कहा है कि गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर लगातार भारी मात्रा में ड्रग्स की खेप बरामद की जा रही है, लेकिन इसके बाद भी इस पर कोई रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने इस मामले में गुजरात सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। इसी साल के अंत में गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। राहुल गांधी के रुख को देखकर माना जा रहा है कि कांग्रेस गुजरात विधानसभा चुनाव में नशे को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश कर सकती है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा से बेहद मामूली अंतर से पिछड़ने वाली कांग्रेस इस चुनाव को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाएगी।

विज्ञापन


पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ड्रग्स का मुद्दा ऐसे समय में उठाया है, जब पिछले सप्ताह में ही राज्य में ही जहरीली शराब पीने से 42 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। राहुल गांधी के मुताबिक सितंबर 2021 में इसी पोर्ट पर 3000 किलो, मई 2022 में 56 किलो और जुलाई 2022 में 75 किलो ड्रग्स पकड़ी गई थी। शराब के इन खेपों की कुल कीमत लगभग 3,000 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि राज्य सरकार के मंत्री और विधायक ड्रग्स के नशीले कारोबार में लिप्त हैं जिसके कारण इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है।

राहुल गांधी ने बेहद तल्ख अंदाज में कहा है कि भाजपा को बताना चाहिए कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार में बैठे वे कौन लोग हैं जो ड्रग्स माफिया को संरक्षण दे रहे हैं। एक ही पोर्ट से बारबार ड्रग्स की बरामदगी के बाद भी इस पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है। उन्होंने पूछा है कि गुजरात को नशे के दलदल में क्यों धकेला जा रहा है?
विज्ञापन


राहुल को इस मुद्दे पर अपनी बहन प्रियंका गांधी का भी पूरा-पूरा साथ मिला है। प्रियंका गांधी ने भी ट्विटर पर सवाल किया है कि गुजरात में ड्रग्स की बरामदगी के मामले में सरकारी एजेंसियां सन्नाटे में क्यों हैं। उन्होंने पूछा है कि राज्य में ड्रग्स माफिया इतने खुलेआम ये अवैध कारोबार कैसे कर पा रहे हैं?

भाजपा पर कैसे पड़ सकता है असर

दरअसल, ड्रग्स और नशीले पदार्थों के सेवन का सबसे ज्यादा नकारात्मक असर गुजरात के सूरत शहर और आसपास के क्षेत्रों में पड़ा है। यहां नकली शराब के सेवन के कारण सबसे ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा राज्य के आदिवासी क्षेत्रों में भी युवा नशे की गिरफ्त में हैं। इससे लोगों के परिवार बर्बाद हो रहे हैं। सूरत क्षेत्र भाजपा का प्रभाव वाली इलाका माना जाता है। यहां यूपी-बिहार से आये श्रमिकों की बहुलता है और उनके बीच अब तक भाजपा की मजबूत पकड़ मानी जाती है। भाजपा को सबसे ज्यादा समर्थन इसी इलाके से मिलता रहा है।

लेकिन शराब के कारण प्रवासी श्रमिकों की भारी संख्या में मौत हुई है। इससे लोगों में नाराजगी है। माना जा रहा है कि इससे भाजपा को नुकसान हो सकता है। चूंकि आम आदमी पार्टी लगातार इसी इलाके में मजबूत हो रही है और वह नकली शराब से हो रही मौतों को बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है, माना जा रहा है कि चुनाव में यह बड़ा मुद्दा बन सकता है।

जनता ने बना दिया बड़ा मुद्दा

गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री ने अमर उजाला से कहा कि गुजरात की जनता के बीच नशा एक बड़ा मुद्दा बनकर उभर रहा है। लोगों के प्रियजनों की शराब के कारण मौत हो रही है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि राज्य सरकार के कुछ मंत्री और विधायक स्वयं नशे के कारोबार में लिप्त हैं, जिसके कारण नशे के कारोबार पर पुलिस कोई अंकुश नहीं लगा पा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों में इसके प्रति भारी नाराजगी है और वे सरकार से इस पर जवाब मांगना चाहते हैं, लेकिन सरकार जनता के सवालों को नजरअंदाज कर रही है। चुनावों के दौरान जनता अपना गुस्सा जाहिर करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें