फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gujarat polls: विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान आज, पीएम मोदी और शाह अहमदाबाद में डालेंगे वोट

Mon, 05 Dec 2022 01:23 AM IST
देव कश्यप एएनआई, अहमदाबाद।

सार

पीएम मोदी सोमवार सुबह अहमदाबाद के रानिप स्थित निशान स्कूल में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के नारनपुरा के अंकुर में कामेश्वर मंदिर के पास, नगर निगम उप क्षेत्रीय कार्यालय में अपना वोट डालेंगे।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुजरात विधानसभा के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज मदतान होगा। इस चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद में अपना वोट डालेंगे। अपने पैतृक राज्य के दौरे पर आए पीएम मोदी सोमवार सुबह अहमदाबाद के रानिप स्थित निशान स्कूल में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री ने अपनी मां हीराबेन मोदी से गांधीनगर स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। एक तस्वीर में पीएम मोदी मां हीराबेन के पैर छूते नजर आ रहे हैं। पीएम ने अपनी मां के पास बैठकर शाम की चाय भी पी।

विज्ञापन

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के नारनपुरा के अंकुर में कामेश्वर मंदिर के पास, नगर निगम उप क्षेत्रीय कार्यालय में अपना वोट डालेंगे। शाह के सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मतदान केंद्र पर पहुंचने की संभावना है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी सोमवार को अहमदाबाद के बूथ संख्या 95, शिलाज प्राइमरी स्कूल में वोट डालेंगे।


गुजरात में अंतिम चरण में मतदान करने वाले अन्य प्रमुख लोगों में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेवार इसुदन गढ़वी, गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर, क्रिकेटर इरफान पठान, हार्दिक पांड्या और क्रुनाल पांड्या शामिल हैं। इनके अलावा वडोदरा के शाही परिवार, कांग्रेस नेता और सांसद शक्तिसिंह गोहिल और पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला भी सोमवार को वोट डालेंगे।

विज्ञापन


140 से अधिक सीटें हासिल करने का भाजपा का लक्ष्य 
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2001 से 2014 तक गुजरात में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं। 2017 के गुजरात चुनावों में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कुल 182 सीटों में से 99 सीटें मिली थीं। पार्टी पिछले 27 वर्षों से सत्ता में है। इस बार पीएम मोदी, अमित शाह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के नेतृत्व में पार्टी अपनी सबसे बड़ी जीत के तौर पर 140 से अधिक सीटें हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। गुजरात लंबे समय से भाजपा का गढ़ रहा है और पार्टी की निगाहें सातवें कार्यकाल के लिए सत्ता में वापसी पर टिकी है।



61 दलों के 833 उम्मीदवार मैदान में
उत्तर और मध्य गुजरात के 14 जिलों की 93 विधानसभा सीटों के लिए दूसरे और अंतिम चरण में मतदान होगा। गुजरात चुनाव के दूसरे चरण में 61 दलों के 833 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 2.51 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। चुनाव आयोग ने 26,409 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं और लगभग 36,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का मतदान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। सुविधापूर्वक चुनाव कराने के लिए 14 जिलों में लगभग 29,000 पीठासीन अधिकारियों और 84,000 से अधिक मतदान अधिकारियों को तैनात किया गया है।

26409 मतदान केंद्रों पर डाले जाएंगे वोट
गुजरात की मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी भारती के अनुसार, कुल 26,409 मतदान केंद्रों में से 93 आदर्श मतदान केंद्र हैं, 93 इको-फ्रेंडली बूथ बनाए गए हैं। वहीं 93 मतदान केंद्र दिव्यांगों के लिए और 14 युवाओं के लिए बनाए गए हैं। दूसरे चरण में 13,319 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी। भारती ने कहा कि कुल 2,51,58,730 मतदाता मतदान करेंगे। जिनमें से 1,29,26,501 पुरुष, 1,22,31,335 महिलाएं और 894 ट्रांसजेंडर हैं।

इन 14 जिलों में होगा मतदान
दूसरे चरण की 93 सीटों पर मतदान अहमदाबाद, गांधीनगर, मेहसाणा, पाटन, बनासकांठा, साबरकांठा, अरावली, महिसागर, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, आणंद, खेड़ा और छोटा उदयपुर जिलों में होगा। अंतिम चरण के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में घाटलोडिया, विरमगाम और गांधीनगर दक्षिण सबसे ज्यादा चर्चित है। घाटलोडिया गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का विधानसभा क्षेत्र है, विरमगाम से पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और गांधीनगर दक्षिण से भगवा पार्टी ने अल्पेश ठाकोर को मैदान में उतारा है।

विपक्ष के नेता कांग्रेस के सुखराम राठवा छोटा उदयपुर से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि विरमगाम, वडगाम और घाटलोडिया सीटों से लखाभाई भारवाड़, जिग्नेश मेवाणी और अमी याज्ञनिक जैसे प्रमुख कांग्रेसी नेता चुनावी मैदान में हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) से देवगढ़बरिया से भरत वाखला, दियोदर से भीमा चौधरी, गांधीनगर दक्षिण से दौलत पटेल, विरमगाम से कुंवरजी ठाकोर और घाटलोडिया से विजय पटेल अंतिम चरण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

बता दें कि एक दिसंबर को पहले चरण के मतदान के दौरान गुजरात में कुल 63.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। कच्छ, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात क्षेत्रों के 19 जिलों में फैले 89 निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ था। गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें