सूरत पुलिस की अपराध शाखा के मुताबिक, मयूर ने खुद को इसलिए नुकसान पहुंचाया, क्योंकि उसके पास इतनी हिम्मत नहीं थी कि वह अपने रिश्तेदार को यह बता सके कि वह वराछा मिनी बाजार स्थित कंपनी अनभ जेम्स में अब काम नहीं करना चाहता।
गुजरात में एक व्यक्ति ने रिश्तेदार की हीरा कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी करने से बचने के लिए खुद को ही खौफनाक दर्द दे डाला। उसने अपनी ही चार उंगलियां काट डालीं। सूरत पुलिस ने बताया कि व्यक्ति ने अपने बाएं हाथ की चार उंगलियां चाकू से सिर्फ इस वजह से काट लीं, ताकि वह इस नौकरी के लिए असमर्थ हो जाए।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि मयूर (32) ने पहले पुलिस को एक कहानी सुनाई थी कि वह सड़क के किनारे बेहोश होकर गिर गया था, जिसके बाद उसे अपनी उंगलियां कटी मिली थी। हालांकि, घटना की जांच करने पर पता चला कि उसने खुद ही चाकू से अपनी उंगलियां काटी थीं।
इस वजह से उठाया कदम
सूरत पुलिस की अपराध शाखा के मुताबिक, मयूर ने खुद को इसलिए नुकसान पहुंचाया, क्योंकि उसके पास इतनी हिम्मत नहीं थी कि वह अपने रिश्तेदार को यह बता सके कि वह वराछा मिनी बाजार स्थित कंपनी अनभ जेम्स में अब काम नहीं करना चाहता। पीड़ित इस कंपनी के लेखा विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम करता था और उंगलियों के कट जाने से अब वह यह नौकरी करने में समर्थ नहीं है।
विज्ञापन
पहले गढ़ी थी यह कहानी
मयूर ने इससे पहले पुलिस को बताया था कि वह आठ दिसंबर को मोटरसाइकिल से अपने एक दोस्त के घर जा रहा था, तभी उसे चक्कर आया और वह अमरोली में वेदांत सर्कल के पास रिंग रोड पर बेहोश हो गया। मयूर ने पुलिस को बताया कि जब 10 मिनट बाद उसे होश आया तो उसके बाएं हाथ की चार उंगलियां कटी हुई थीं। इस घटना के संबंध में अमरोली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और सूरत पुलिस की अपराध शाखा को मामले की जांच सौंप दी गई।
मयूर ने कबूल किया सब कुछ
अधिकारी ने बताया कि मयूर ने कबूल किया कि उसने सिंगनपुर में चार रास्ता के पास एक दुकान से एक धारदार चाकू खरीदा था। वह चार दिन बाद रविवार रात को अमरोली रिंग रोड पर गया और अपनी मोटरसाइकिल वहीं खड़ी कर दी। उसने रात करीब 10 बजे चाकू से चार उंगलियां काट लीं और खून बहने से रोकने के लिए उसने कोहनी के पास एक रस्सी बांध दी। फिर उसने चाकू और उंगलियों को एक बैग में डालकर फेंक दिया। उसके दोस्त उसे अस्पताल ले गए।
तीन उंगलियां बरामद
उन्होंने बताया कि एक बैग से उसकी तीन उंगलियां बरामद की गई हैं, जबकि एक अन्य बैग से चाकू बरामद किया गया। अमरोली पुलिस मामले की जांच कर रही है।