गुजरात के जूनागढ़ के वन अधिकारियों ने बताया कि 20 फीट गहरे कुएं में गिरे एक शेर को सोमवार को रस्सियों और पिंजरे की मदद से बचाया गया।
वन अधिकारी पीडी चूड़ास्मा ने बताया कि घटना मंगरोल तालुका के खोडाडा गांव की है। शेर संभवत: अपने शिकार का पीछा करने के दौरान लगभग सूख चुके कुएं में गिर गया।
चूड़ास्मा ने बताया कि चार घंटे तक चले बचाव अभियान के दौरान शेर को रस्सी से बांधकर उसे खींचा गया और 20 फीट गहरे कुएं में उतारे गए पिंजरे तक उसे ले जाया गया। उसे जीव कल्याण केन्द्र में रखा गया है।
अधिकारी ने बताया कि शेरों का एक झुंड आजकल गिर अभयारण्य से काफी दूरी खोडाडा गांव के आसपास डेरा डाले हुए है।