फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gujarat Election: कांग्रेस नेता भरत सोलंकी बोले- 'आप' टूरिस्ट पार्टी, उन्होंने अपना सामान पैक-अप कर लिया

सार

Gujarat Election: गुजरात चुनाव में कांग्रेस की कथित कमजोर तैयारी पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, तो कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर है। इन आरोपों-प्रत्यारोपों के बीच कांग्रेस की रणनीति क्या है, यह जानने के लिए हमारे विशेष संवाददाता ने गुजरात कांग्रेस के शीर्ष नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह माधव सिंह सोलंकी से बातचीत की। प्रस्तुत है वार्ता के प्रमुख अंश...
विज्ञापन
Gujarat Election: Bharat Singh Solanki - फोटो : Agency (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Election 2022) में कांग्रेस की कथित कमजोर तैयारी पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, तो कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर है। इन आरोपों-प्रत्यारोपों के बीच कांग्रेस की रणनीति क्या है, यह जानने के लिए हमारे विशेष संवाददाता ने गुजरात कांग्रेस के शीर्ष नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह माधव सिंह सोलंकी से बातचीत की। प्रस्तुत है वार्ता के प्रमुख अंश-

प्रश्न- इस बार गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तैयारियों पर प्रश्न खड़े किए जा रहे हैं, आपके केंद्रीय नेताओं राहुल गांधी-प्रियंका गांधी का गुजरात में सक्रिय न होना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं आपके राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रधानमंत्री के गुजरात में सक्रिय होने पर सवाल खड़े कर रहे हैं। क्या आपको नहीं लगता कि कांग्रेस को मोदी पर हमला करने की बजाय स्वयं मजबूती से चुनाव लड़ना चाहिए था?

उत्तर- हम पूरी तरह सक्रिय होकर चुनाव लड़ रहे हैं। हमारी चुनावी तैयारियां गुजरात की जनता के बीच चल रही हैं। मीडिया प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को ज्यादा दिखा रहा है, लेकिन इसका यह अर्थ नहीं कि हमारी तैयारी कमजोर है। राहुल गांधी पहले दिन से सक्रिय हैं। वे भारत जोड़ो यात्रा के बीच समय निकालकर भी आए और यहां चुनाव प्रचार किया। उन्होंने 'भारत जोड़ो यात्रा' से भी कई बार कहा कि वे जहां हैं, वहीं से गुजरात चुनाव का प्रचार कर रहे हैं। वे जनता के प्रश्न लगातार खड़े कर रहे हैं।

आप जहां तक खरगे साहब के बयान की बात कर रहे हैं, क्या यह सही नहीं है कि भाजपा गुजरात को अच्छा शासन देने में असफल रही है? बार-बार गुजरात में सरकार बदलकर, तीन-तीन बार मुख्यमंत्री बदलकर क्या भाजपा ने यह नहीं मान लिया कि वे गुजरात के लोगों को एक अच्छी सरकार नहीं दे पाए? यदि उन्हें गुजरात में किए गए अपने काम पर भरोसा होता तो प्रधानमंत्री मोदी को गली-गली चौराहे-चौराहे पर घूम-घूमकर प्रचार न करना पड़ता। खरगे साहब ने केवल यही बात कहा है और पूरी तरह सही कहा है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

प्रश्न- कहा जा रहा है कि पहले चरण में सूरत क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के कारण आपको नुकसान हो रहा है। क्या कहेंगे?

उत्तर- आज जनता के बीच कांग्रेस के पुराने शासन की चर्चा है। लोग कांग्रेस के काम को याद कर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि हम इस चुनाव में जीत हासिल करने में कामयाब रहेंगे। इस पहले चरण में ही हमें अच्छी सीटों पर जीत का भरोसा है। दूसरे चरण में हम 125 की संख्या पार करेंगे। आप अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की बात कर रहे हैं। सच तो यह है कि वह एक टूरिस्ट पार्टी है। कभी घूम कर गोवा चली जाती है, कभी उत्तराखंड, तो कभी हिमाचल प्रदेश। केजरीवाल यहां भी घूमने आए हैं, चुनाव के बाद घर चले जाएंगे। उन्होंने अपना सामान पैक-अप कर लिया है। गुजरात की जनता बहुत स्वाभिमान वाली है। वह ऐसे किसी व्यक्ति को अवसर नहीं देगी जिसका गुजरात में कोई अस्तित्व नहीं है।   

प्रश्न- राहुल जी की भारत जोड़ो यात्रा को किस संदर्भ में देख रहे हैं? क्या इससे गुजरात चुनाव में आपको लाभ होगा?

उत्तर- भारत जोड़ो यात्रा का उद्देश्य बहुत व्यापक है। इसको केवल चुनाव के संदर्भ में नहीं देखा जाना चाहिए। वे भारत के उस मूल तत्त्व को बचाने की यात्रा कर रहे हैं, जो भारत को भारत बनाता है, गांधी-नेहरू-पटेल की भूमि बनाता है। वे उन संवैधानिक संस्थाओं को बचाने की यात्रा पर निकले हैं, जिसे हमारे पूर्वजों ने बड़ी मेहनत से बनाया और खड़ा किया, लेकिन आज निहित स्वार्थों में उसे नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन इसके बाद भी, हमें भारत जोड़ो यात्रा से लाभ होगा। राहुल जी अपनी यात्रा के बीच में गुजरात के मुद्दे लगातार उठा रहे हैं। जनता समझ रही है कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी हुई है।

प्रश्न- भाजपा आपके पिता माधव सिंह सोलंकी के 149 सीटों पर जीत दर्ज करने के रिकॉर्ड को तोड़ने की बात कह रही है। क्या कहेंगे?

उत्तर- भाजपा इस बार 50 सीटों के आंकड़ों में सिमटकर रह जाए, तो मुझे कोई आश्चर्य नहीं होगा। भाजपा की पूरी कोशिश के बाद भी पीएम मोदी की रैली-जनसभा में लोग नहीं आ रहे हैं। कुर्सियां खाली पड़ी हुई हैं। हमें तो इंडिया शाइनिंग दोबारा होता दिख रहा है। इसके बाद भी यदि वे रिकॉर्ड बनाने का सपना देख रहे हैं, तो इस पर मैं कोई टिप्पणी नहीं कर सकता। आठ दिसंबर को जब चुनाव नतीजे आएंगे, आप कांग्रेस को नंबर वन, भाजप को नंबर दो और बाकी को नंबर तीन पर देखेंगे।

प्रश्न- भाजपा अपना पूरा चुनाव पीएम मोदी के चेहरे पर लड़ रही है। आप केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। केंद्र सरकार के कार्यों को आर्थिक मामलों में कितना सही मानेंगे?

उत्तर- पूरी दुनिया आर्थिक मंदी के दुष्चक्र में फंसती जा रही है। बड़ी-बड़ी अर्थव्यवस्थाएं मंदी की चपेट में हैं। पीएम मोदी और निर्मला सीतारमण देश की अर्थव्यवस्था को बचाने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। देश की अर्थव्यवस्था पर लगातार संकट गहरा रहा है। आज भी अर्थव्यवस्था के लिए लोग मनमोहन सिंह सरकार को याद कर रहे हैं। उन्होंने 2008 की मंदी में देश को मंदी की चपेट से बचाया था, लेकिन वर्तमान सरकार देश को मंदी की चपेट में जाने से नहीं बचा पाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें