आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस महीने चार बार गुजरात का दौरा किया है। मंगलवार को अपने दौरे के दौरान उन्होंने राज्य के सरकारी स्कूलों में सभी छात्रों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और आप के सत्ता में आने पर निजी स्कूलों के ऑडिट की घोषणा की थी।
आम आदमी पार्टी (आप) ने इस साल के अंत में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को नौ उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की। इस महीने की शुरुआत में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली AAP ने भाजपा शासित राज्य में 182 सदस्यीय विधानसभा के आगामी चुनावों के लिए 10 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। साल के अंत तक होने वाले राज्य चुनावों के लिए अभी तक किसी अन्य दल ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
विज्ञापन
चोटिला विधानसभा सीट के लिए आप ने गुरुवार को राजू करपड़ा को उम्मीदवार बनाया, जो सुरेंद्रनगर जिले के जाने-माने किसान नेता हैं। जूनागढ़ जिले की मंगरोल सीट से मालिया-हतिना तालुका पंचायत के निर्वाचित सदस्य पीयूष परमार को टिकट दिया गया है, जबकि निमिषा खुंट को राजकोट की गोंडल सीट से टिकट दिया गया है। सूरत से कोली समुदाय के नेता प्रकाश कांट्रेक्टर को जिले की चोर्यासी सीट से चुना गया है, जबकि मोरबी की वंकानेर सीट से समुदाय के एक अन्य प्रमुख नेता विक्रम सोरानी को टिकट दिया गया है।
आप के प्रमुख दलित चेहरे सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक जेजे मेवाड़ा को अहमदाबाद की असरवा सीट से टिकट दिया गया है। जामनगर के पूर्व डिप्टी मेयर और व्यवसायी करसनभाई करमुर को जामनगर-उत्तर सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। दाहोद की देवगढ़-बरिया सीट के लिए आप ने भरत वखला को चुना है, जो देवगढ़-बरिया तालुका पंचायत के निर्वाचित सदस्य हैं।
विज्ञापन
वहीं, स्थानीय कृषि अधिकार नेता विपुल सखिया को राजकोट की धोराजी सीट से टिकट दिया गया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस महीने चार बार गुजरात का दौरा किया है। मंगलवार को अपने दौरे के दौरान उन्होंने राज्य के सरकारी स्कूलों में सभी छात्रों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और आप के सत्ता में आने पर निजी स्कूलों के ऑडिट की घोषणा की थी। गुजरात के अपने पहले के दौरे में केजरीवाल ने बिजली, नौकरी, बेरोजगारी भत्ता, महिलाओं और आदिवासियों सहित अन्य से संबंधित कई चुनाव पूर्व गारंटी की घोषणा की थी।