गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
2022 गुजरात चुनाव में अहमदाबाद जिले की साबरमती सीट राज्य के सत्ताधारी दल भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भाजपा ने इस चुनाव के लिए मौजूदा विधायक अरविन्द पटेल की जगह हर्षदभाई पटेल को अपना प्रत्याशी बनाया था। हर्षदभाई पटेल ने कांग्रेस के दिनेश माहिदा को 98,684 वोटों से करारी शिकस्त दी। इस सीट पर कर्नाटक की क्षेत्रीय पार्टी जेडीएस भी मैदान में थी। इसने यहां गणपतभाई शाह को उतारा था जिनकी इस चुनाव में जमानत जब्त हो गई। शाह को मात्र 295 वोट ही मिले जबकि इससे कई गुना ज्यादा नोटा को 2,275 वोट मिले।
यहां के पुराने नतीजों पर गौर करें तो भाजपा ने 2001 के उपचुनाव को छोड़कर 1995 से अब तक हुए सभी चुनाव जीते हैं। पहली बार 1962 में इस सीट पर चुनाव हुए थे।
2017 में यहां भाजपा को मिली थी जीत
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा ने मौजूदा विधायक अरविन्द कुमार पटेल को टिकट दिया था। अरविन्द ने कांग्रेस के जीतूभाई पटेल को 68 हजार वोटों से करारी शिकस्त दी थी। इस चुनाव में कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी नौ उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
2017 से पहले 2012 में भी इस सीट पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी। उस चुनाव में भाजपा के अरविन्द कुमार पटेल ने कांग्रेस के भरत कुमार पटेल को शिकस्त दी थी।
भाजपा के लिए दशकों से गढ़ है ये सीट
भाजपा के लिए ये सीट दशकों से गढ़ कही जाती है। पार्टी ने 2001 के उपचुनाव को छोड़कर 1995 से अब तक हुए सभी चुनाव जीते हैं। हालांकि, 1975 से लेकर 1985 तक कांग्रेस ने भी यहां लगातार तीन चुनाव जीते हैं।
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने अपने मौजूदा विधायक अरविन्द कुमार पटेल का टिकट काट दिया था, उनकी जगह भाजपा ने हर्षदभाई रणछोड़भाई पटेल को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने इस सीट पर दिनेश माहिदा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। इस सीट पर पांच दिसंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा। नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे।
2017 में अहमदाबाद जिले की 15 सीटों पर जीती थी भाजपा
साबरमती सीट अहमदाबाद जिले में आती है। इस जिले में कुल 21 सीटें हैं। 2017 में जिले की 21 में से 15 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, छह सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।