पत्नी रिवाबा जडेजा के साथ रविंद्र जडेजा।
- फोटो : अमर उजाला
क्रिकेटर रविंद्र जडेजा सोमवार को अपनी पत्नी और भाजपा उम्मीदवार रिवाबा जडेजा के लिए प्रचार करते नजर आए। गुजरात के जामनगर नॉर्थ से रिवाबा ने आज नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान रविंद्र जडेजा भी उनके साथ मौजूद रहे। जडेजा भगवा कुर्ता में दिखे। इस दौरान जडेजा मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि रिवाबा पहली बार चुनाव लड़ रहीं हैं। वह काफी कुछ इससे सीख रहीं हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि वह इसमें आगे बढ़ेंगी। वह काफी मददगार हैं और हमेशा दूसरों की मदद करना चाहती हैं। यही कारण है कि उन्होंने राजनीति जॉइन की है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राह पर चलकर लोगों के लिए काम करना चाहती हैं।
गुजरात में एक और पांच दिसंबर को चुनाव, आठ को परिणाम
बता दें कि गुजरात में दो चरणों में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण की वोटिंग एक दिसंबर को होगी। इस दिन 89 सीटों पर वोटिंग होगी।वहीं, दूसरे चरण के लिए पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी। इसके साथ ही पूरे राज्य में आचार संहिता की भी घोषणा हो गई।
जडेजा ने की पत्नी को वोट देने की अपील
वहीं रविंद्र जडेजा ने रविवार को एक वीडियो ट्वीट कर जामनगर के लोगों और क्रिकेट प्रशंसकों से उनकी पत्नी को वोट देने की अपील की। साथ ही कहा कि गुजरात चुनाव यहां है और यह एक टी 20 मैच की तरह है। मेरी पत्नी भाजपा के टिकट पर राजनीति में अपनी पहली शुरुआत कर रही है! कल वह अपना नामांकन दाखिल करेगी। मैं जामनगर के लोगों और सभी क्रिकेट प्रेमियों से बड़ी संख्या में आने की अपील करता हूं और उसका समर्थन करें।
रविंद्र जडेजा की बहन भी इसी सीट से मैदान में
भाजपा ने जामनगर नॉर्थ के मौजूदा विधायक धर्मेंद्र सिंह जडेजा को हटाकर रीवाबा जडेजा को टिकट दिया है। वहीं दूसरी ओर रविंद्र जडेजा की बहन नयनाबा एक स्थानीय कांग्रेस नेता हैं और हाल ही में उन्हें विपक्षी दल की राज्य महिला शाखा में सचिव नियुक्त किया गया था। वहीं अपनी भाभी पर ननद नयनाबा ने निशाना साधते हुए कहा कि वह (रीवाबा जडेजा) एक सेलिब्रिटी हैं। मुझे नहीं लगता कि उनकी उम्मीदवारी से भाजपा को यह सीट जीतने में मदद मिलेगी। लोग ऐसे नेता चाहते हैं जो उनका काम करे और संकट में उनके साथ खड़ा हो। लोग ऐसे नेताओं को पसंद करते हैं जो उनके फोन उठाते हैं। मुझे नहीं लगता कि उन्हें (रीवाबा को) ज्यादा वोट मिलेंगे, क्योंकि वह एक सेलिब्रिटी हैं। लोग जानते हैं कि मशहूर हस्तियां लोगों का काम नहीं करती हैं।