अहमदाबाद जिले की नारणपुरा सीट 2022 चुनाव में सत्ताधारी भाजपा के लिए काफी महत्वपूर्ण है। अबकी बार भाजपा ने जितेंद्रभाई रमणभाई पटेल (भगत) को मौका दिया था। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के सोनल बेन पटेल को 92,800 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
बता दें कि इस सीट से भाजपा की टिकट पर 2012 में मौजूदा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव जीता था। यहां पार्टी ने इस चुनाव से पहले पिछले दोनों चुनाव जीते हैं। ये सीट 2008 में हुए परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। 2012 में इस सीट पर पहली बार चुनाव हुए थे।
2017 में भाजपा ने यहां दर्ज की थी जीत
2017 के विधानसभा चुनाव में भी इस सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा ने कौशिक भाई पटेल को टिकट दिया था। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार नितिन भाई पटेल को 66 हजार वोटों से करारी शिकस्त दी थी। इस चुनाव में कुल दस उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी आठ उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां से बन चुके हैं विधायक
2012 में इस सीट पर पहली बार चुनाव हुए थे। इस चुनाव में भाजपा ने अमित शाह को मैदान में उतारा था। उस चुनाव में अमित शाह ने कांग्रेस के जीतूभाई पटेल को 63 हजार के भारी अंतर से हराया था।
मौजूदा विधायक का भाजपा ने काटा था टिकट
2022 चुनाव के लिए भाजपा ने अपने मौजूदा विधायक कौशिक पटेल का टिकट काट दिया था। उनकी जगह भाजपा ने जितेंद्रभाई रमणभाई पटेल (भगत) को मौका दिया था। वहीं, कांग्रेस ने इस सीट पर सोनल बेन पटेल को मैदान में उतारा था। इस सीट पर पांच दिसंबर को दूसरे चरण में मतदान हुआ था। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में अहमदाबाद जिले की 15 सीटों पर जीती थी भाजपा
नारणपुरा सीट अहमदाबाद जिले में आती है। इस जिले में कुल 21 सीटें हैं। 2017 में जिले की 21 में से 15 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, छह सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।
इस बार क्या रहे गुजरात के चुनाव नतीजे?
इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।