गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर कांग्रेस ने मौजूदा विधायक इंद्रजीतसिंह नटवरसिंह परमार को ही मैदान में उतारा था। उन्हें भाजपा के संजयसिंह विजयसिंह महिडा ने 25,689 वोटों से हरा दिया।
खेड़ा जिले की महुधा विधानसभा सीट राज्य की अहम सीटों में से एक रही है। यहां हुए चुनावों में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का एकतरफा दबदबा रहा है। 1967 में इस सीट पर पहली बार चुनाव हुए थे।
2017 में यहां कांग्रेस को जीत मिली
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार इंद्रजीतसिंह नटवरसिंह परमार ने भाजपा के भारत सिंह परमार को 13 हजार वोटों से हराया था। इस चुनाव में कुल आठ उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा एवं कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी छह की जमानत जब्त हो गई थी।
2017 से पहले 2012 चुनाव में इस सीट को कांग्रेस ने जीता था। कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरे नटवर सिंह ठाकोर ने भाजपा उम्मीदवार खुमान सिंह सोढा को शिकस्त दी थी।
1972 के बाद यहां पहली बार हारी कांग्रेस
ये सीट राज्य की उन सीटों में शामिल है जहां कांग्रेस का एकतरफा दबदबा रहा है। पहले दो चुनाव जो 1967 एवं 1972 में हुए थे, उन्हें छोड़ दें तो उसके बाद 2017 तक यहां कांग्रेस नहीं हारी। 2002 के चुनाव से लेकर अब तक कांग्रेस के सामने चुनौती भाजपा ही देती रही है लेकिन इस चुनाव के पहले उसे जीत का स्वाद नहीं मिल सका था। कांग्रेस ने यहां लगातार दस चुनाव जीते हैं। अबकी बार भाजपा ने यहां कांग्रेस के किले को भेद दिया।
कांग्रेस ने मौजूदा विधायक को ही मैदान में उतारा था
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर कांग्रेस ने मौजूदा विधायक इंद्रजीतसिंह नटवरसिंह परमार को ही मैदान में उतारा था। वहीं, भाजपा ने संजयसिंह विजयसिंह महिडा को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया था। आम आदमी पार्टी की ओर से रावजीभाई सोमाभाई वाघेला मैदान में थे। इस सीट पर पांच दिसंबर को दूसरे चरण में मतदान हुआ था। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में खेड़ा जिले में भाजपा-कांग्रेस को मिली तीन तीन सीट
महुधा सीट खेड़ा जिले में आती है। इस जिले में कुल छह विधानसभा सीट हैं। 2017 में जिले की छह में से तीन सीट पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, तीन ही सीट पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।