फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gujarat Election 2022: "अब बहुत नरम हो गए हैं गुजरात के मुसलमान, जब एग्रेसिव थे तब भी हम बहुमत से जीतते थे"

सार

Gujarat Election 2022: कांग्रेस अपने अब तक के सबसे बुरे दौर से गुजरात में गुजर रही है। न तो उनके पास कोई नेतृत्व है, और न ही उनके पास कोई नेता। यह कहना है गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता नितिन भाई पटेल का। अमर उजाला डॉट कॉम बातचीत में से गुजरात चुनाव की तैयारियों से लेकर उन्होंने खुलकर चर्चा की। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश...
विज्ञापन
Gujarat Election 2022- Gujarat Former Deputy CM Nitin Bhai Patel - फोटो : Amar Ujala/Himanshu Bhatt
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता नितिन भाई पटेल का कहना है कि गुजरात में भाजपा की 27 साल से सरकार है। हर गुजराती मिलकर गुजरात को एक समृद्ध और मजबूत राज्य बना रहा है। गुजरात में हर जाति समुदाय के लोग एकजुट हैं। अब तो गुजरात के मुसलमान बहुत नरम हो गए हैं। हालांकि जब नरम नहीं थे तब भी हम बहुमत से ही सरकार बनाते थे। अब तो डबल इंजन की सरकार ने गुजरात के पंख लगा दिए हैं। कांग्रेस अपने अब तक के सबसे बुरे दौर से गुजरात में गुजर रही है। न तो उनके पास कोई नेतृत्व है, और न ही उनके पास कोई नेता। आम आदमी पार्टी और ओवैसी का गुजरात में कोई अस्तित्व नहीं है।

सवाल: अभी गुजरात में विधानसभा चुनावों की तारीखों को एलान नहीं हुआ है, कैसी हैं भाजपा की चुनाव की तैयारियां?

जवाब: गुजरात में चुनाव को लेकर हमारी जबरदस्त तैयारियां हैं। गुजरात में हमारी गौरव यात्रा चल रही है। इस यात्रा के माध्यम से हम लोग गुजरात के हर जिले शहर और कस्बे से गुजरे हैं। आज कच्छ में इस गुजरात गौरव यात्रा की पूर्णाहुति हो जाएगी। ढाई दशक से ज्यादा की हमारी सरकार ने गुजरात में जो काम किए हैं, उसी विकास की कहानी कहने के लिए हम लोग गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं।

सवाल: इस बार कुछ मेहनत ज्यादा करनी पड़ रही है क्या भाजपा को गुजरात में। गुजरात गौरव यात्रा में पार्टी ने अपने सभी कद्दावर मंत्रियों को उतार दिया है।

जवाब: भाजपा चुनाव के लिहाज से मेहनत नहीं करती है। वह जनता की सेवा के लिहाज से मेहनत करती है। गुजरात में 27 साल से हमारी सरकार है। इन सालों में हम लोगों ने जो काम किया है वही गुजरात का गौरव है। नरेंद्र भाई मोदी के मुख्यमंत्री काल से लेकर अब तक की राज्य में की गई विकास की हर जनता के साथ साझा करने के लिए ही हम लोगों ने गुजरात गौरव यात्रा निकाली है। इसीलिए राज्य से लेकर केंद्र के सभी बड़े मंत्री और कद्दावर नेता गुजरात गौरव यात्रा में शामिल होकर विकास की कहानी कह रहे हैं।

सवाल: गुजरात में भाजपा किसके साथ अपनी लड़ाई देख रही है।

जवाब: भाजपा की किसी से लड़ाई नहीं है। गुजरात की जनता को पता है कि उसे किसके साथ रहना है। जितना विकास गुजरात में हुआ है वह अपने में एक मॉडल है। उसी विकास के मॉडल पर राज्य की जनता एक बार फिर से भाजपा को चुनने जा रही है।

सवाल: लेकिन गुजरात में तो आम आदमी पार्टी से लेकर कांग्रेस मेहनत कर रही है। दोनों पार्टियां दावा कर रही है कि वह गुजरात में सरकार बनाएंगे।

जवाब: बिल्कुल नहीं। आम आदमी पार्टी का गुजरात में कोई अस्तित्व नहीं है। और कांग्रेस इस वक्त अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। कांग्रेस के पास न तो कोई अपना नेता है और न ही कोई नेतृत्व। रही बात आम आदमी पार्टी की, तो वह कांग्रेस के वोट बैंक में सेंधमारी करके चुनाव लड़ रही है। वैसे भी गुजरात में भाजपा सरकार ने इतना काम कर दिया है कि इन सभी जातीय समीकरणों के बंधनों को तोड़कर हर जाति वर्ग समुदाय भाजपा के साथ जुड़ा हुआ है।

सवाल: लेकिन सियासी राजनैतिक गलियारों में तो यही कहा जा रहा है कि गुजरात के मुसलमानों को साधने के लिए ओवैसी गुजरात के चुनावी मैदान में हैं।

जवाब: ऐसा तो बिल्कुल नहीं है। ओवैसी उन्हीं एक या दो सीटों पर मुकाबले करेंगे जहां पर मुस्लिम आबादी साठ-सत्तर फीसदी है। और वहां भी उनका कॉम्पिटिशन कांग्रेस पार्टी या आम आदमी पार्टी से होगा। बाकी ओवैसी का गुजरात में कोई वजूद नहीं है। हमारी सरकार के काम को देखते हुए इन पार्टियों का वोटर भी भाजपा के साथ जुड़ चुका है।

सवाल: तो आपको लगता है कि गुजरात का मुसलमान भाजपा के साथ पूरी तरीके से जुड़ चुका है।

जवाब: वह जुड़ चुका है, ऐसा तो मैं नहीं बोलूंगा। लेकिन यह सच है कि गुजरात का मुसलमान अब नरम हुआ है। दरअसल हमारी सरकार समाज के हर तबके और हर व्यक्ति के साथ पूरे राज्य के विकास के लिए काम कर रही है। इसलिए हर समुदाय के लोगों का भरोसा हमारी सरकार पर बना है। और लोग हम से जुड़े रहे हैं।

सवाल: गुजरात का मुसलमान नरम हुआ है इसका क्या मतलब हुआ। थोड़ा विस्तार से बताइए।

जवाब: इसका मतलब यह है कि अब गुजरात का मुसलमान भाजपा के खिलाफ उतना एग्रेसिव नहीं है।

सवाल: तो क्या इसका फायदा चुनावों में भी मिलने वाला है।

जवाब: हां... बिल्कुल हो सकता है। हालांकि जब वह एग्रेसिव थे, तब भी हमारी सरकार गुजरात में पूर्ण बहुमत के साथ ही बनी थी। और इस वक्त भी हमारी सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी।

सवाल: भाजपा की तैयारियों से आपको क्या लग रहा है, कितनी सीटें इस बार आप जीतने वाले हैं?

जवाब: इस बार गुजरात में हम लोग 130 से ज्यादा सीटें जीतने वाले हैं। गुजरात में इतने सालों में भाजपा सरकार ने विकास के मुकाम हासिल किए, जो पूरे देश में एक पूर्ण मॉडल के तौर पर पेश किए जा रहे हैं। जनता का भरोसा हमारी पार्टी, हमारी नीतियों और हमारे नेताओं पर है।

विज्ञापन


 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें