गुजरात विधानसभा चुनाव की पहले चरण की वोटिंग हो रही है। गुजरात में विधानसभा की 182 सीटों में से 89 सीटों के लिए शनिवार को पहले चरण का मतदान हो रहा है। आज भरूच के बाहुमली ब्लिडिंग में शादी से पहले एक जोड़ा वोट डालने पहुंचा जो मीडिया सहित पोलिंग बूथ पर मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे।
हाथों में हाथ डाले ये जोड़ा खुशी से चमकता हुआ पोलिंग बूथ पर पहुंचा, दोनों ही शादी के जोड़े में बुहत खूबसूरत लग रहे थे। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक दूल्हा ने कहा कि आज मेरी शादी होने वाली है लेकिन शादी के साथ हमारा कर्तव्य है कि हम वोट डालें और अपने मतों का उपयोग करें, एक भारतीय होने के नाते वोट डालना हमारा पहला कर्तव्य है। वहीं दुल्हन ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं वोट डाल कर ये मेरी शादी के विशेष दिन को और भी स्पेशल बना दिया है।
पढ़ें: गुजरात विधानसभा चुनाव: दो चरणों में वोटिंग, 18 दिसंबर को खुलेगा सत्ता का रास्ता
शनिवार को सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात की 89 सीटों के लिए 977 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पांचवीं बार सत्ता हासिल करने लिए जोर लगा रही है। वहीं कांग्रेस गुजरात में पुनर्जीवित होने का प्रयास कर रही है।
राज्य में दूसरे चरण का मतदान 14 दिसंबर को होगा। राज्य में 2.12 करोड़ मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। शनिवार को मतदान में जिन प्रमुख उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद होगा उनमें मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल और परेश धनानी शामिल हैं। इस चुनाव के मतों की गणना 18 दिसंबर को होगी।