गुजरात में हो रहे विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस ने चुनाव आयोग के सामने ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका जाहिर करते हुए एक 'खास' अपील की है। कहा गया है कि चुनाव के बाद जिन कमरों में ईवीएम मशीनों को रखा जाएगा वहां पर सेलफोन जैमर्स लगाए जाएं।
गुजरात विधानसभा चुनाव: दो चरणों में वोटिंग, 18 दिसंबर को खुलेगा सत्ता का रास्ता
गुजरात के मुख्य चुनाव आयुक्त बीबी स्वेन ने इस बारे में बताया, उन्होंने कांग्रेस की अपील को नकारते हुए कहा कि फिलहाल ऐसी कोई पॉलिसी नहीं है। बता दें कि चुनाव आयोग पहले ही साफ कर चुका है कि इलेक्शन में इस्तेमाल हो रहीं ईवीएम से छेड़छाड़ मुमकिन नहीं है। स्वेन ने खुद कहा कि ईवीएम में किसी तरह की कोई छेड़खानी ना हो सके, इस बात का पूरा ख्याल रखा गया है।
चुनाव आयोग के इतने कहने के बावजूद, कांग्रेस को छेड़छाड़ की आशंका है, जिसके चलते उन्होंने कई बार ईसी को शिकायत की है। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा है कि गुजरात में इस्तेमाल हो रहीं मशीनें तो वहीं हैं जिनका यूज यूपी में हुआ था। शर्मा के मुताबिक, यूपी निकाय चुनाव में कई जगह छेड़छाड़ और खराबी के मामले सामने भी आए थे। कांग्रेस ने अपने कई लोगों को ट्रेनिंग दी है जो कथित रूप से ईवीएम गड़बड़ी का पता लगा सकते हैं।