Indian Railways: गुजरात में सूरत के पास किम स्टेशन पर बड़ा हादसा होने से टल गया है। जानकारी के मुताबिक, दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस के चार डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। वहीं रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।
गुजरात में सूरत के पास एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से टल गया है। जानकारी के मुताबिक, दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस मंगलवार दोपहर गुजरात के सूरत से 27 किलोमीटर दूर किम स्टेशन पर पटरी से उतर गई।
विज्ञापन
गुजरात में दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बाद बहाली का काम जारी है। इंजन के बगल में लगे गैर-यात्री कोच (VPU) के चार पहिए पटरी से उतर गए थे।
पश्चिमी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि दोपहर 3.32 बजे इंजन के बगल में गैर-यात्री कोच के चार पहिए पटरी से उतर गए, जब ट्रेन (संख्या 19015) पोरबंदर जाने के लिए स्टेशन से निकल रही थी।
विज्ञापन
घटना में कोई भी हताहत नहीं- पीआरओ, पश्चिमी रेलवे
पश्चिमी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने कहा, इस घटना में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई चोट या नुकसान नहीं पहुंचा है। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि अतिरिक्त लूप लाइन उपलब्ध होने के कारण मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई है।
वडोदरा डिवीजन के डिवीजनल रेलवे मैनेजर (DRM) जीतेंद्र सिंह ने बताया, 'हमें दोपहर करीब 3.40 बजे सूचना मिली कि इंजन के बगल में पार्सल कोच के चार पहिए पटरी से उतर गए हैं, टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों तरफ से ट्रेन की आवाजाही शुरू की गई, इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ और ट्रेन (दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस) भी अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई है'।