गुजरात में हुए पटेल आंदोलन की आंच मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल तक भी पहुंचती दिख रही हैं, राजनीतिक गलियारों से छन छन कर आ रही खबरों पर यकीन करें तो गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल की जल्द ही छुट्टी हो सकती है।
उनकी जगह राज्य के स्वास्थ्य और सड़क मंत्री नितिन पटेल को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इन अटकलों को तब बल मिला जब नितिन पटेल ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद से ही आनंदीबेन को हटाए जाने की चर्चाएं शुरू हो गई।
गुजरात में रह रहकर सुलग रहे पटेल आंदोलन के कारण राज्य में पहली बार पार्टी को काफी मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है। पटेल बहुल गुजरात में आनंदीबेन सरकार को लगातार राज्य के इस प्रभावशाली समुदाय की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। इसके चलते कई बार राज्य में जबरदस्त हिंसा भी भड़क चुकी है।
हार्दिक पटेल के आंदोलन के दौरान भी इस तरह की खबरें आईं थी कि केन्द्रीय नेतृत्व इस मुद्दे पर सही तरीके से निपट न पाने की वजह से मुख्यमंत्री से नाराज है। हालांकि उस समय उन्हें जीवनदान मिल गया था, लेकिन उनकी मुश्किलें तब ज्यादा बढ़ती दिखीं जब उनकी बेटी को राज्य सरकार द्वारा कौड़ियों के भाव जमीन देने की बात सामने आई। विपक्षी दलों ने आनंदीबेन पर जमीन घोटाला करने का आरोप भी लगाया था।