गुजरात में गांधीनगर नगर निगम समेत थारा और ओखा नगर पालिकाओं के चुनावों की मतगणना मंगलवार सुबह नौ बजे शुरू हो गई। गांधीनगर की 44 सीटों पर 130 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला है। वहीं भाजपा के गांधीनगर में पांच सीटें जीतने पर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया है।
गुजरात में गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) समेत कई स्थानीय निकायों के चुनावों की मतगणना जारी है। गांधीनगर के अलावा थारा और ओखा नगर पालिकाओं के चुनावों के लिए भी वोटों की गिनती की जा रही है। इन निकायों में रविवार को मतदान हुआ था। गांधीनगर नगर निगम में पिछले पांच साल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शासन था। इस बार यहां भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच मुख्य मुकाबला है। वहीं गांधीनगर नगर निगम चुनावों में पार्टी की पांच सीटें जीतने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
विज्ञापन
Gandhinagar, Gujarat: BJP workers celebrate as the party wins five seats in the municipal corporation polls. https://t.co/xZJlibKxGw
गांधीनगर नगर निगम की सभी 44 सीटों पर चुनाव हुए। ये सीटें 11 वार्डों में हैं। चुनाव में कुल 130 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई। नगर निगम क्षेत्र में करीब 2.59 लाख मतदाता हैं।
गांधीनगर नगर निगम के लिए पिछली बार अक्तूबर 2021 में चुनाव हुए थे। उस समय भाजपा ने 44 में से 41 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं, जबकि आम आदमी पार्टी ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी।
विज्ञापन
ओखा और थारा में भी वोटों की गिनती
देवभूमि द्वारका जिले की ओखा नगर पालिका में नौ वार्डों की 32 सीटों के लिए मतगणना जारी है। इनमें से चार सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध जीत चुके हैं। बाकी सीटों के लिए कुल 75 उम्मीदवार मैदान में थे। वहीं, बनासकांठा जिले की थारा नगर पालिका में छह वार्डों की 24 सीटों के लिए मतगणना हो रही है। यहां कुल 59 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था।
गांधीनगर में 59.25 फीसदी मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, गांधीनगर में 59.25 फीसदी मतदान हुआ। वहीं, थारा में 81.18 फीसदी और ओखा में 63.27 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य निर्वाचन आयोग के संयुक्त आयुक्त एनके डामोर ने मतदान के बाद बताया था कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए।
कई अन्य निकायों में उपचुनाव की मतगणना
गुजरात की खेरालू, छोटा उदेपुर और बायड नगर पालिकाओं में भी एक-एक सीट पर उपचुनाव हुए थे। इसके अलावा राज्य की विभिन्न जिला पंचायतों और तालुका पंचायतों की सीटों पर भी उपचुनाव कराए गए। इन सीटों के लिए भी मंगलवार को मतगणना जारी है। इन सभी चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल किया गया।