हाल ही में पूर्ण हुए गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 182 विधानसभा सीटों में से 156 सीटें जीत कर एक बार फिर से राज्य में अपनी सरकार बनाई है। इन चुनावों में कांग्रेस को 17 सीटें जबकि आम आदमी पार्टी को पांच सीटें मिलीं। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी ने भी एक सीट पर कब्जा जमाया है। वहीं, 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
गुजरात में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनने के बाद नवगठित 15वीं विधानसभा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान गुरुवार को कर दिया है। भाजपा ने शंकर चौधरी को गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष और जेठाभाई भारवाड़ को उपाध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। विधानसभा सचिवालय ने भी इन पदों पर चुनाव के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
विज्ञापन
20 दिसंबर को होगी गुजरात विधानसभा की पहली बैठक
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी एक आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, नई विधानसभा 20 दिसंबर को पहली बार एक दिन के लिए बैठक करेगी। उसी दिन विधानसभा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों के लिए चुनाव किया जाएगा। वहीं, एक अन्य अधिसूचना में कहा गया है कि सभी नवनिर्वाचित विधायकों को 19 दिसंबर को प्रोटेम स्पीकर योगेश पटेल द्वारा विधानसभा में पद की शपथ दिलाई जाएगी।
भाजपा को मिला है बहुमत वाला आंकड़ा
गौरतलब है कि हाल ही में पूर्ण हुए गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 182 विधानसभा सीटों में से 156 सीटें जीत कर एक बार फिर से राज्य में अपनी सरकार बनाई है। इन चुनावों में कांग्रेस को 17 सीटें जबकि आम आदमी पार्टी को पांच सीटें मिलीं। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी ने भी एक सीट पर कब्जा जमाया है। वहीं, 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
विज्ञापन
ऐसे में विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या को देखते हुए पूर्व मंत्री शंकर चौधरी और जेठाभाई भारवाड़ का अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुना जाना पहले से ही लगभग तय ही है। वैसे भी आमतौर पर विधानसभा में स्पीकर निर्विरोध ही चुने जाते हैं।
ये जान लीजिए कौन हैं शंकर चौधरी
अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार शंकर चौधरी बनासकांठा जिले की थराद सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2014 और 2017 के बीच आनंदीबेन पटेल और विजय रूपाणी के नेतृत्व वाली सरकारों में मंत्री भी रहे थे। गौरतलब है कि शंकर चौधरी ने 2017 में वाव सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं, जेठाभाई भारवाड़ पंचमहल जिले की शेहरा विधानसभा सीट से छह बार विधायक रहे हैं। भारवाड़ ने 14वीं विधानसभा में 2021 से 2022 के बीच एक वर्ष के लिए विधानसभा के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। गौरतलब है कि भरवाड़ जहां पंचमहल डेयरी के अध्यक्ष हैं, वहीं चौधरी बनास डेयरी के प्रमुख हैं।