गुजरात चुनाव में टोटके के रूप में मानी-जाने वाली वलसाड़ सीट का सिलसिला इस दफे भी बरकरार रहा है। इस सीट पर भाजपा की जीत हुई है। भाजपा उम्मीदवार भरत भाई पटेल ने कांग्रेस के नरेंद्र कुमार को करीब 42092 मतों से पराजित किया है।
गौरतलब है कि हर राज्य में एक-दो सीटों को ऐसा माना जाता है जहां की हार-जीत को टोटके के रूप में देखा जाता है।
ठीक उसी तरह गुजरात के विधानसभा में वलसाड़ की सीट को टोटके के रूप में माना जाता है। इस सीट के बारे में यह बात आम जन में प्रचलित है कि 'जिसने जीता वलसाड़ उसकी बनेगी गुजरात में सरकार।' शायद यही वजह है कि भाजपा ने यहां से पुराने विधायक को ही मैदान में उतारा था। ऊपर से पीएम मोदी ने भी इस सीट पर चुनावी सभा को संबोधित कर भाजपा की जीत का सुनिश्चित करने का प्रयास किया है।
पढ़ें: ये हैं मोदी की वो तस्वीरें जिन पर मचा है बवाल, चुनाव आयोग पर भी उठाया सवाल
वलसाड़ को जिसने जीता उसकी बनी सरकार
वर्ष 1975 के चुनावों से वलसाड़ विधानसभा की सीट पर नजर दौड़ाएं तो जिस दल के उम्मीदवार की इस सीट से जीत हुई है। सूबे में उस दल की ही सरकार बनी है। वर्ष 1975 में जनसंघ-एनसीओ गठबंधन उम्मीदवार के रूप में यहां से केशवभाई राणा जी पटेल चुनाव जीते थे। उस वर्ष राज्य में जनसंघ-एनसीओ की साझा सरकार बनी थी। वर्ष 1980 में कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में दोलत राय देसाई ने वलसाड़ से चुनाव जीता था। तब राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी थी।