गुजरात के विधानसभा चुनाव में अपने 11 उम्मीदवारों को मैदान में उतारने के साथ भाजपा को धूल चटाने की बात करने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राज्य के चुनाव प्रचार से दूर रह सकते हैं।
आम आदमी पार्टी द्वारा चुनाव आयोग को सौंपी गई स्टार प्रचारकों की लिस्ट में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम नहीं है। जिससे यह तय माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी के ये दोनों ही बड़े नेता गुजरात चुनाव में प्रचार से दूर रह सकते हैं।
इनके अलावा कुमार विश्वास का नाम भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट से गायब है। जबकि केजरीवाल ने कहा था कि गुजरात में भाजपा को हराने के लिए वे पूरा जोर लगा देंगे। लेकिन स्टार प्रचारकों की लिस्ट में बडे़ नेताओं के नाम न होने से खुद केजरीवाल के दावों की पोल खुल गई है।
आम आदमी ने दिए 20 नेताओं के नाम
गोवा और पंजाब विधानसभा चुनाव में दमखम के साथ चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनाव में केवल 11 सीटों पर ही चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। इससे कहीं न कहीं पार्टी की राजनैतिक ताकत की पोल खुलती दिख रही है।
आप ने यह कहते हुए केवल 11 उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का निर्णय लिया था कि वह भाजपा को हराने का कोई मौका नहीं चूकना चाहती है। उसके मैदान में उतरने से गैर भाजपा वोटों में बंटवारा होगा। मगर जिन सीटों पर आप ने उम्मीदवार उतारने का निर्णय किया है वहां के उम्मीदवारों के पक्ष में भी बड़े नेता प्रचार करने नहीं जा रहे हैं। स्टार प्रचारकों की लिस्ट से बड़े नेताओं का नाम गायब होने से भी कार्यकर्ताओं के मन में निराशा का माहौल पैदा हुआ है।
माना जा रहा है कि गोवा और पंजाब में हुई आप की बुरी हार ने नेतृत्व के मनोबल पर असर डाला है। इसकी वजह से ही आप ने अपनी रणनीति बदली है। दरअसल स्टार प्रचारकों का खर्च पार्टी प्रत्याशी के खर्च में नहीं जुड़ता है। वह दल के खर्च में गिना जाता है। यदि बिना स्टार प्रचारक के कोई नेता पार्टी उम्मीदवार के प्रचार में जाता है तो उसका खर्च उम्मीदवार के खर्च में जुड़ जाता है।
गुजरात के लिए आप के स्टार नेता
गुजरात के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट से कुमार विश्वास का नाम भी नदारद है। प्रदेश के विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जिन 20 नेताओं के नाम शुमार हैं।
उनमें गोपाल राय, आशुतोष, संजय सिंह, पंकज गुप्ता, दिलीप पांडे, गुलाब सिंह यादव, किशोर देशाई, राजेश भाई पटेल, भीम भाई चौधरी, राखी बिड़लान, सोमनाथ भारती, शहनाज अख्तर, संजीव झा, बंदना कुमारी, आदर्श शास्त्री, अल्का लांबा, अजेश यादव, अजय दत्त, नरेश यादव और महेंद्र गोयल के नाम हैं।